कर्तव्य पथ पर दिखेगी युद्ध की व्यूह रचना

 गणतंत्र  दिवस परेड में पहली बार मूक योद्धाओं का दस्ता होगा शामिल
नई दिल्ली (एजेंसी)।इस वर्ष 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय सेना का एक नया और भव्य स्वरूप देखने को मिलेगा। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह के अनुसार, पहली बार सैन्य टुकड़ियां कर्तव्य पथ पर वास्तविक युद्ध की व्यूह रचना पेश करेंगी। इसमें सैनिक और हथियार किसी युद्धभूमि की तरह चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेंगे, जो दर्शकों को सेना की वास्तविक युद्ध शैली से रूबरू कराएगा।
  परेड में सेना की भैरव बटालियन और लद्दाख स्काउट्स सहित कुल 18 मार्चिंग दस्ते और 13 बैंड हिस्सा लेंगे। आसमान में राफेल, सुखोई-30 और मिग-29 जैसे लड़ाकू विमान कौशल दिखाएंगे। साथ ही पी8आई गश्ती विमान और प्रचंड जैसे हेलिकॉप्टर भी गर्जना करेंगे।
इस बार परेड में पहली बार मूक योद्धाओं का बड़ा दस्ता शामिल होगा। इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान देने वाले 2 बैक्ट्रियन ऊंट, 4 जांस्कर पोनी, 4 शिकारी पक्षी (रैप्टर्स) और स्वदेशी नस्ल के कुत्तों सहित कुल 26 पशु हिस्सा लेंगे।    
परेड की मुख्य थीम वंदे मातरम होगी। छह राज्यों और विभागों की झांकियां इसी विषय पर आधारित होंगी। 19 से 26 जनवरी तक देश के 126 शहरों में 234 स्थानों पर सैन्य बैंड की प्रस्तुतियां होंगी। परेड में कुल 30 झांकियां दिखेंगी, जिनमें 17 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और 13 मंत्रालयों की होंगी। आम जनता की सुविधा के लिए गणतंत्र दिवस पर दिल्ली मेट्रो सेवा सुबह 3:00 बजे से शुरू होगी। निमंत्रण कार्ड में ही मेट्रो यात्रा के लिए क्यूआर कोड दिया गया है। पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी राष्ट्रपर्व पोर्टल पर उपलब्ध है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts