मकर संक्रांति पर दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में कड़ाके की ठंड

छह राज्यों में शीतलहर और घना कोहरा, चार में बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली (एजेंसी)।आज पूरे देश में मकर संक्रांति की धूम देखने को मिल रही है। हालांकि, उत्तरायण के दौरान भी देश के कई राज्यों में भयंकर ठंड देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने 6 राज्यों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब से लेकर दिल्ली और यूपी शीतलहर की चपेट में रहेंगे। सुबह के समय कई जगहों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड में बर्फबारी के साथ पाला पड़ने का अनुमान है। पंजाब के अंबाला, पंचकूला और चंडीगढ़ में हल्का कोहरा छाए रहने के साथ शीतलहर का प्रकोप झेलना पड़ सकता है।
दिल्ली समेत एनसीआर के कई जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज दिल्ली की कई जगहों पर हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। वहीं, दोपहर के समय 5-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शीतलहर चलने की संभावना है।
राजस्थान में भी इस बार भीषण ठंड पड़ रही है। कई जगहों पर तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, कड़ाके की ठंड से अभी लोगों को राहत नहीं मिलेगी। राज्य में अगले 24 घंटे तक शीतलहर के साथ हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।
यूपी में ठंड का कहर
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण ठंड पड़ने की संभावना जताई है। इस लिस्ट में पीलीभीत, मुरादाबाद, रामपुर, सहारनपुर, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर और शाहजहांपुर का नाम शामिल है। इन जिलों में सुबह की शुरुआत हल्के कोहरे से होगी। वहीं, दिन में धूप खिलने के साथ ठंडी हवाएं चलती रहेंगी।
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। खासकर सुबह और शाम के समय लोगों को प्रचंड ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
4 राज्यों में होगी झमाझम बारिश
आईएमडी ने तमिलनाडु समेत केरल, कर्नाटक और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। इसके अलावा दक्षिण भारत के बाकी हिस्सों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts