गगोल रोड पर पेड़ से लटका मिला युवती का शव, हत्या की आशंका तेज
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के गगोल रोड पर बृहस्पतिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। नाले के पास एक पेड़ पर युवती का शव लटका देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। शव की पहचान पास में बनी झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाली 21 वर्षीय पुष्पा के रूप में हुई।
मूल रूप से राजस्थान के पाली जिले के थाना मारवाड़ी क्षेत्र के अववा गांव निवासी पुष्पा अपनी मां संतराम देवी, भाई राहुल, बहन मंजू और केलम के साथ गगोल रोड पर कैलाश डेयरी के सामने शताब्दी नगर सेक्टर-4C में बनी झुग्गियों में रहती थी। वह परतापुर फ्लाईओवर के पास एक मसाला बनाने वाली दुकान पर काम करती थी। परिजनों के अनुसार, वह पिछले तीन दिनों से किसी कारणवश दुकान नहीं गई थी और घर पर ही रह रही थी।
दो वर्ष पूर्व राजस्थान में पड़ोसी गांव के एक युवक से उसकी शादी हुई थी, लेकिन वैवाहिक कलह के चलते वह पति से अलग रह रही थी। दोपहर करीब एक बजे गगोल रोड से गुजर रहे एक राहगीर ने पेड़ पर लटका शव देखा और आसपास के लोगों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुष्पा के बुआ के बेटे विक्रम ने उसकी शिनाख्त की। फोरेंसिक टीम ने आसपास से नमूने एकत्र किए, जिसके बाद शव को नीचे उतारा गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उनका आरोप है कि पुष्पा की हत्या कर शव पेड़ से लटकाया गया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment