रास्ते में रोककर दो युवकों से मारपीट, पांच हजार की लूट
—हमलावर फरार, पुलिस तलाश मे जुटी
मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में बटजेवरा मार्ग पर उस समय हड़कंप मच गया जब गांव जेवरी निवासी अक्षय और उसका दोस्त गौरव शादी समारोह में जाते समय तीन अज्ञात हमलावरों के निशाने पर आ गए। पीड़ितों के अनुसार, खिर्वा रोड से आगे बढ़ते ही तीन लोगों ने उनकी बाइक को अचानक रोक लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
मारपीट में अक्षय का होंठ फट गया, जबकि गौरव के सिर में गंभीर चोट आई। आरोप है कि हमलावर अक्षय की जेब से पांच हजार रुपये लूटकर और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जेवरी गांव से परिजन पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए ले गए।
इसके बाद पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा और तहरीर देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। अक्षय के तहेरे भाई संदीप ने बताया कि हमलावरों की पहचान और हमले की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


No comments:
Post a Comment