अच्छी फिल्में याद की जाती हैं, आंकड़े नहीं : आमिर खान

मुंबई। हिंदी सिनेमा में फिल्मों को हिट उनकी कमाई के आधार पर माना जाता है। जो फिल्म जितनी ज्यादा कमाती है, वह साल की सुपरहिट फिल्मों की लिस्ट में शुमार हो जाती है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों की कमाई के आंकड़ों को लेकर आमिर खान अलग राय रखते हैं। उनका मानना है कि अच्छी फिल्म को याद रखना जरूरी है, ना कि कमाई के आंकड़े को।
56वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में आमिर खान ने बॉक्स ऑफिस नंबर और अच्छी फिल्मों के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि फिल्मों के रिलीज के समय पारदर्शिता रखना जरूरी है। यह पता होना चाहिए कि फिल्म कितनी स्क्रीन पर रिलीज हो रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को सिर्फ इतना पता है कि कलेक्शन कितना हुआ है, क्या यह पता होना वाकई जरूरी है?
उन्होंने आगे कहा कि आंकड़ों को लेकर कोई गोपनीयता नहीं होनी चाहिए, लेकिन मैं उस वक्त थोड़ा एक्साइटेड हो जाता हूं, जब लोग कलेक्शन के आधार पर फिल्मों का हिट या फ्लॉप होना तय करते हैं।
आमिर खान ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि होता यह है कि लोग फिल्मों की तुलना आंकड़ों के आधार पर करते हैं। पहले हम ऐसा कभी नहीं करते थे। हम फिल्मों की तुलना इस आधार पर करते थे कि हमें वो कितनी पसंद आई। मेरा मानना है कि चीजें आती-जाती रहेंगी और आगे भी होंगी, लेकिन आपको सिर्फ एक अच्छी फिल्म ही याद रहती है, उसके आंकड़े नहीं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts