अमृतसर के 15 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
अमृतसर (एजेंसी)।
अमृतसर में 15 नामी प्राइवेट स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी के बाद डीसी के आदेश पर सभी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। स्कूलों की मैनेजमेंट को ई-मेल के जरिए यह धमकी भेजी गई। इसके बाद स्कूल मैनेजमेंट ने तुरंत अमृतसर पुलिस को सूचित किया गया। इसके साथ ही बच्चों के पेरेंट्स को मैसेज भेजा गया कि वह तुरंत अपने बच्चों को स्कूल से घर ले जाएं। सभी स्कूल वैन को बुलाकर बच्चों की छुट्टी कर दी गई। वहीं पुलिस ने स्कूलों में पहुंचकर इलाका सील कर दिया। मौके पर बम स्क्वायड और फायर ब्रिगेड भी बुलाई गई है।
स्कूल के अचानक मैसेज से पेरेंट्स भी घबराते हुए स्कूल पहुंचे। वहीं अचानक छुट्टी किए जाने से बच्चों में भी हडक़ंप मच गया। वह घर पहुंचने की जल्दी में दिखे। स्कूल के अंदर किसी को नहीं जाने दिया जा रहा है। पुलिस की टीमें अंदर जाकर क्लासरूम की जांच कर रही हैं। ई-मेल की जांच साइबर सैल को भेज दी गई है। यह धमकी किस संगठन या व्यक्ति ने दी, अभी इसका खुलासा नहीं हआ है।
पुलिस ने भी जांच के बाद इस बारे में बयान जारी करने की बात कही है। इस बारे में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस का पहला बयान आया है। जिसमें पुलिस ने कहा- शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों को एक संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुआ है। प्रत्येक स्कूल में एक गजटेड अधिकारी तैनात किया गया है और एंटी-सबोटाज जांच चल रही है। साइबर पुलिस थाने की पुलिस ईमेल के सोर्स का पता लगा रही है। इससे पहले भी ऐसे मामलों में कुछ विद्यार्थी शरारत करते हुए पकड़े गए थे। घबराने की कोई जरूरत नहीं। पुलिस मुस्तैद है और पूरी तरह सतर्क है।
अमृतसर के डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर आलम विजय सिंह ने इक वीडियो जारी कर बताया कि शहर और ग्रामीण क्षेत्र के कई स्कूलों को ये धमकी भरा ईमेल मिला है। सभी स्कूलों में पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं और एंटी-सबोटाज चेक जारी हैं। साइबर पुलिस ईमेल के आईपी एड्रेस की जांच कर रही है। लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts