14वें हेमा कोहली मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट बुधवार को खेले गए पांच मैच
मेरठ। गुरु तेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी और आईटीआई साकेत क्रिकेट मैदान में चल रहे 14वें हेमा कोहली ऑल इंडिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को पांच मैच खेले गए। इसमें ऋषभ क्रिकेट एकेडमी इलेवन, जीटीबी स्कूल क्रिकेट एकेडमी इलेवन, ऋषभ जूनियर, आईटीआई ब्लू और ऋषभ की टीम ने जीत प्राप्त की।
पहले मैच में ऋषभ क्रिकेट एकेडमी इलेवन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 10 विकेट खोकर 155 रन बनाए। इसमें भाविक ने 40, मन्नू ने 41 रन बनाए। आरव व कार्तिक ने तीन तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऋषभ क्रिकेट एकेडमी जूनियर की टीम 140 रन ही बना सकी। इसमें दक्ष ने 44 रन बनाए। गेंदबाजी में अविरल ने 4 व शिव ने 4 विकेट लिए। ऋषभ इलेवन ने 15 रन से मैच जीता।
दूसरे मैच में जीटीबी क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 17 ओवर में 10 विकेट खोकर 105 रन बनाए। इसमें रिहान ने 38, कबीर ने 35 रन बनाए। गेंदबाजी में रिहान ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुरु तेग बहादुर स्कूल क्रिकेट एकेडमी इलेवन की टीम ने 15 ओवर में लक्ष्य को प्राप्त कर 8 विकेट से मैच जीता। टीम की ओर से ईशांत ने 42 रन बनाए।
तीसरे मैच में ऋषभ क्रिकेट एकेडमी जूनियर ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 141 रन बनाए। इसमें दक्ष ने 42, अयान ने 40 रन बनाए। केशव ने दो व प्रथम ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीटीबी की 18 ओवर में 100 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से रिहान ने 40 रन बनाए। गेंदबाजी में आईश ने तीन, कार्तिक ने दो विकेट लिए।
चौथे मैच में आईटीआई ब्लू की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 132 रन बनाए। इसमें अद्विक ने 39, लविश ने 40 रन बनाए। गेंदबाजी में विराज ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईटीआई किंग की टीम 18.3 ओवर में 105 रन पर ऑल आउट हो गई। ब्लू की टीम ने 27 रन से मैच जीता।
पांचवे मैच में आईटीआई किंग की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 121 रन बनाए। रनवीर ने 40 रन बनाए। सुभान और कबीर ने तीन-तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऋषभ क्रिकेट एकेडमी रेड की टीम 16.1 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। इसमें उमंग ने 28 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में रणवीर ने दो विकेट लिए। आयोजन सचिव अतहर अली ने बताया कि बृहस्पतिवार को भी लीग मैच खेले जाएंगे।


No comments:
Post a Comment