किसान भाई अब गन्ने की नई किस्म Co-15023 लो पाओ 15 प्रतिशत की रिकवरी
मीठी और फायदेमंद के साथ 8–10 महीने में तैयार फसल
मेरठ। गन्ना किसानों के लिए खुशखबरी है। खेती-बाड़ी का खर्च बढ़ने और मौसम की चुनौतियों के बीच गन्ने की नई किस्म Co-15023 तेजी से किसानों की पसंद बन रही है। कारण साफ है। इस किस्म की मांग पश्चिमी यूपी के कई जिलों में लगातार बढ़ रही है।
किस्म Co-15023 की सबसे बड़ी खूबी इसका शॉर्ट ड्यूरेशन होना है। सामान्य किस्मों की तुलना में यह गन्ना सिर्फ 8–10 महीने में तैयार हो जाता है। जल्दी फसल कटने से किसान समय पर मिल में गन्ना पहुंचाते हैं और खेत खाली कर गेहूं, चना, सरसों जैसी दूसरी फसलें भी ले लेते हैं। इससे खेत की उत्पादकता बढ़ती है और आय भी।
उपज 70–90 टन प्रति हेक्टेयर, चीनी 13–15 रिकवरी
-- किसानों के मुताबिक इस किस्म की पैदावार 70-90 टन प्रति हेक्टेयर तक आराम से मिल जाती है। खास बात यह है कि रिकवरी 13-15 प्रतिशत तक पहुंच जाती है, जो मिलों के लिए भी फायदेमंद है। ज्यादा रिकवरी का सीधा मतलब है कि किसान को बेहतर रेट और बोनस का मौका।
गन्ना रिसर्च सेंटर के वैज्ञानिक बताते हैं कि Co-15023 किस्म में रेड रॉट (लाल सड़न) और स्मट जैसे खतरनाक रोगों का असर कम होता है। रोग-प्रतिरोधी होने की वजह से कीटनाशक और दवाओं पर खर्च भी घटता है और फसल सुरक्षित रहती है। यह किस्म भारी जमीन के साथ-साथ हल्की और मध्यम मिट्टी में भी अच्छा प्रदर्शन करती है। जिन किसानों के पास उथली जमीन है, उनके लिए यह एक भरोसेमंद विकल्प बन रही है। देर से बोने पर भी उपज पर खास असर नहीं पड़ता।
कई क्षेत्रों के किसानों ने बताया कि Co-15023 ने उनकी लागत घटाई और उत्पादन बढ़ाया है। जल्दी पकने और ज्यादा चीनी होने से यह किस्म बाजार में अलग पहचान बनाती जा रही है।
बोले कृषि अधिकारी
निदेशक प्रशिक्षण एवं सेवायोजन डॉ. आर.एस. सेंगर ने बताया कि Co-15023 किस्म गन्ना किसानों के लिए तेजी से गेम चेंजर बन रही है। जल्दी तैयार, ज्यादा मीठी, रोग-प्रतिरोधी और ज्यादा उत्पादन वाली यह किस्म किसानों को बेहतर मुनाफा देने में सक्षम है।


No comments:
Post a Comment