एसएसपी कार्यालय में पार्किंग को लेकर विवाद
-भाजपा कैंट विधायक ने एसएसपी से की शिकायत
मेरठ। एसएसपी कार्यालय परिसर में गाड़ी पार्किंग को लेकर भाजपा कैंट विधायक और ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही के बीच विवाद हो गया। जिसकी शिकायत करने कैंट विधायक ने एसएसपी से की।
कैंट विधायक अमित अग्रवाल किसी कार्य से एसएसपी ऑफिस आए थे। गाड़ी अंदर करने के दौरान सिपाही ने उनकी इनोवा गाड़ी को बड़े होने के कारण थोड़ा पीछे खड़ा करने को कहा, ताकि अन्य वाहनों के आने जाने में परेशानी न आए। इस पर विधायक ने अपनी मर्यादा और पद का हवाला देते हुए नाराज़गी जताई और कहा मेरी गाड़ी राज्यसभा में भी अंदर जाती है। विधानसभा का पास लगा है फिर भी यहां रोका जा रहा है।
सिपाही ने बताया कि उसने केवल नियमों के अनुसार गाड़ी को सही ढंग से खड़ा कराने की बात कही थी और उसका उद्देश्य परिसर में व्यवधान रोकना था। उसने किसी तरह की बदसलूकी करने से इनकार किया और कहा कि वह सिर्फ अपनी ड्यूटी निभा रहा था।
विवाद बढ़ने पर विधायक अमित अग्रवाल सीधे एसएसपी विपिन ताडा से मिले और सिपाही के व्यवहार पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी उनके सरकारी आवास पर प्रवेश के दौरान एक सिपाही ने उन्हें रोकने की कोशिश की थी।
मीडिया से बात करते हुए विधायक ने दावा किया कि एसएसपी ने मौके पर सिपाही की गलती मानी है। उन्होंने कहा कि वे पुलिस की कार्यप्रणाली से संतुष्ट हैं, लेकिन निचले स्तर के कर्मचारियों को नियमों और अधिकारियों की पहचान की जानकारी न होने के कारण ऐसी परिस्थितियां पैदा होती हैं।

No comments:
Post a Comment