एनजीटी में सुनवाई से पहले मेरठ पहुंची कूड़ा निस्तारण करने वाली मशीन
मेरठ। लोहियानगर कूड़ा निस्तारण प्रकरण में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल एनजीटी की नाराजगी के बाद नगर निगम हरकत में आ गया है। गुरूवार को होने वाली सुनवाई से पहले निगम अधिकारी आनन-फानन में सफाई और निस्तारण से जुड़े दस्तावेज तैयार कर रहे हैं। मंगलवार को लोहियानगर कूड़ा प्लॉट पर मशीनें लगा दी गईं, ताकि कार्य शुरू होने का प्रमाण पेश किया जा सके।
नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने बताया कि कूड़ा निस्तारण का कार्य जल्द ही शुरू कराया जाएगा। निगम की प्राथमिकता है कि एनजीटी को सकारात्मक रिपोर्ट दी जाए।
लोहियानगर में स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट पिछले छह माह से बंद पड़ा है। इस दौरान कूड़े के पहाड़ में कई बार आग लग चुकी है। जिससे आसपास के इलाकों जैसे जाहिदपुर, लोहियानगर, घोसीपुर, हाफिजपुर सहित करीब दस गांवों और हापुड़ रोड से गुजरने वाले लोगों के लिए सांस लेना मुश्किल हो गया। प्रदूषण के कारण हवा और पानी दोनों दूषित हो रहे हैं। एनजीटी ने इसे लेकर कड़ी नाराजगी जताई थी और निगम को सुधार के लिए समय दिया था। मगर छह महीने का समय बीत जाने के बाद भी निगम निष्क्रिय बना रहा।
अब सुनवाई से ठीक पहले निगम ने नया टेंडर जारी कर मशीनें लगवाई हैं और कूड़ा प्रसंस्करण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रहा है। एनजीटी के समक्ष निगम को यह भी साबित करना होगा कि महानगर से कितना कूड़ा निकलता है और उसका निस्तारण किस प्रकार किया जा रहा है।


No comments:
Post a Comment