वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर मेरठ कॉलेज में हुआ भव्य कार्यक्रम
वंदे मातरम है राष्ट्र की आत्मा: प्रो विघ्नेश कुमार त्यागी
मेरठ, 13 नवम्बर 2025 (बुधवार)। मेरठ कॉलेज के ऐतिहासिक सभागार में आज वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक भव्य एवं विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें लगभग 500 व्यक्तियों ने भागीदारी की। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर सीमा पंवार ने की, जबकि मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो विघ्नेश कुमार त्यागी रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्ज्वलन का कार्य प्रो. विघ्नेश कुमार, प्रो. वाचस्पति मिश्रा, प्रो. कपिल सीवॉच एवं प्रो. सीमा पंवार ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य अतिथि का स्वागत प्रो. कपिल सीवॉच, प्रो. नीलम पंवार एवं प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
प्राचार्य प्रो. सीमा पंवार ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि वंदे मातरम का उद्घोष भारत की आत्मा का प्रतीक है। यह गीत केवल एक रचना नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, स्वतंत्रता और आत्मसम्मान का जीवंत प्रतीक है।
मुख्य वक्ता प्रो. विघ्नेश कुमार त्यागी ने अपने सारगर्भित व्याख्यान में वंदे मातरम के ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह गीत भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों में राष्ट्रीय चेतना जागृत करने का प्रमुख माध्यम बना वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं वरन राष्ट्र की आत्मा है। प्रो. त्यागी ने बताया कि शहीद-ए-आज़म भगत सिंह जब मेरठ आते थे, तो मेरठ कॉलेज के ओडोनिल हॉस्टल में ठहरते थे। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में मेरठ कॉलेज की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की और बताया कि 1943 में मेरठ कॉलेज की छात्रा हीरा रस्तोगी ने कॉलेज भवन पर तिरंगा फहराकर अंग्रेज़ी हुकूमत को चुनौती दी थी, जिसके बाद वह पुलिस कार्रवाई में शहीद हो गईं।
उन्होंने चटगांव शस्त्रागार कांड का उदाहरण देते हुए बताया कि किस प्रकार “वंदे मातरम” के उद्घोष ने मास्टर सूर्य सेन, प्रीतिलता वाडेकर जैसी असंख्य युवाओं को स्वतंत्रता आंदोलन से जोड़ने का कार्य किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों ने वंदे मातरम गीत का सामूहिक गायन किया। राष्ट्रभावना से ओतप्रोत यह आयोजन देशभक्ति की भावना से परिपूर्ण रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ विनय कुमार आर्य ने किया।


No comments:
Post a Comment