रेप पीड़िता ने महिला थाने में खाया जहर

-पुलिस बोली, मेडिकल जांच में नहीं हुई पुष्टि

-महिला को प्रेरित करने वाले पर होगी कार्रवाई

मेरठ,। न्याय की गुहार को लेकर अधिकारियों से लेकर थानों के चक्कर काट रही दुष्कर्म पीड़िता ने पुलिस की शिथिल कार्रवाई से क्षुब्ध होकर महिला थाने में जहर खा लिया। इससे  थाने में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल जांच  रिपोर्ट में महिला के जहर खाने की पुष्टि नहीं हुई है। महिला से पूछताछ के बाद इसके लिए प्रेरित करने वाले व्यक्ति पर कार्रवाई की जाएगी। 

बांदा की रहने वाली एक महिला ने दो साल पहले गंगानगर में मकान किराये पर लिया था। पीड़िता का आरोप है कि मकान मालिक ने दो साल तक उसके साथ दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर बच्चे को जन्म दिया। बच्चा होने पर पीड़िता ने मकान मालिक पर शादी करने का दबाव बनाया तो उसने इंकार कर दिया। ज्यादा दबाव बनाया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। साथ धमकी दी है कि अगर किसी से शिकायत की तो बच्चे को भी मार देगा, जबकि बच्चे का पिता मकान मालिक है। आरोप है कि मकान मालिक अब मुजफ्फरनगर की युवती से 24 नवंबर को शादी कर रहा है। पीड़िता का कहना था कि वह दो बार गंगानगर थाने में शिकायत कर चुकी है, लेकिन जब सुनवाई नहीं हुई तो उसने दो बार एसएसपी आफिस जाकर भी शिकायत की, लेकिन किसी ने आरोपी पर कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को पीड़िता महिला थाने में शिकायत दर्ज कराने गई थी और वहीं जहर खा लिया। महिला सिपाही ने जब उसे पकड़ने के प्रयास किया तो वह गिर गई। थाने में दुष्कर्म पीड़िता के जहर खाने की घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस महिला को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। महिला की हालत ठीक है।

इनका कहना है...

गंगानगर की रहने वाली एक महिला ने थाने आकर बताया था कि उसने जहर खा रखा है। महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जहर खाने की पुष्टि नहीं हुई है। महिला का गंगानगर थाने में पूर्व में मुकदमा दर्ज है। महिला के न्यायालय में बयान कराए जा चुके है। आगे की कार्रवाई चल रही है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि महिला को इसके लिए किसने प्रेरित किया था। जांच के बाद उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।

-अभिजीत कुमार, एसपी देहात।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts