जेवलिन थ्रोअर अन्नू रानी रोहतक के साहिल के साथ लेंगी सात फेरे
अर्जुन अवार्डी अन्नू रानी की किक बॉक्सिंग में चार बार के नेशनल चैंपियन से अरेंज मैरिज
18 नवंबर को सरधना के बहादरपुर गांव में होगी शादी, 19 को रोहतक में रिशेप्सन पार्टी
मेरठ। अंतर्राष्ट्रीय जेवलिन थ्रोअर (भाला फेंक) व 2024 में अर्जुन अवार्ड विजेता सरधना के बहादरपुर की अन्नू रानी 18 नवंबर को रोहतक के किक बॉक्सिंग में चार बार के नेशनल चैंपियन साहिल के साथ सात फेरे लेंगी। यह पूरी तरह से अरेंज मैरिज है। एक रुपए और एक अंगूठी का रिश्ता है। शादी में मेहमानों की संख्या सीमित रहेगी। 19 नवंबर को साहिल रोहतक में रिसेप्शन पार्टी देंगे।
शादी को लेकर अन्नू रानी ने कहा कि परिवार के लोगों ने ही हमारा रिश्ता कराया है, ये लव मैरिज है। रिश्ता बिना दहेज के हुआ है, एक रुपए और एक अंगूठी का। हरियाणा में बिल्कुल भी दहेज नहीं चलता। 17 नवंबर को मेरठ में मेहंदी और हल्दी रस्म है। अन्नू ने बताया कि साहिल मूल रूप से रोहतक के सांपला गांव से हैं। इस समय रोहतक शहर की जनता कॉलोनी में रहते हैं। साहिल किक बॉक्सर हैं और चार बार नेशनल चैंपियन रह चुके हैं। अन्नू रानी ने बताया कि शादी हम गांव के तरीके के हिसाब से बेहद सिंपल शादी कर रहे हैं। रोहतक में 19 नवंबर को बैंक्वेट हॉल में बड़ा समारोह होगा। वहां हर तरह का वेज फूड और भारतीय खाना बनेगा। रिसेप्शन पार्टी के लिए केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत अनेक मंत्रियों और खिलाड़ियों को न्योता भेजा गया है। इनमें रेस वॉक एथलीट ओलिंपियन प्रियंका गोस्वामी, संदीप पूनिया का नाम भी है। अंतर्राष्ट्रीय जेवलिन थ्रोअर ने बताया कि शादी के लिए लाल रंग का डिजायनर लहंगा दिल्ली से खरीदा गया है। उनकी मेकअप आर्टिस्ट भी दिल्ली से आ रही है। सभी मेहमानों को न्योता भेजा जा चुका है। भविष्य को लेकर अन्नू रानी ने कहा कि फिलहाल तो प्रैक्टिस छूटी हुई है, शादी के बाद गेम में दोबारा लौटूंगी। यही स्थिति साहिल की भी है। अपनी ससुराल के बारे में अन्नू ने बताया कि साहिल के परिवार का अमेरिका में बिजनेस है। वेयर हाउस और गैस स्टेशन साहिल के भाई संभाल रहे हैं। ससुर रवि ईपीएफओ में कर्मचारी हैं और सास मुकेश देवी गृहणी हैं।
अन्नू रानी की कुछ यादगार उपलब्धियां
2014 एशियन गेम्स कांस्य पदक
2016 साउथ एशियन गेम्स रजत पदक
2017 एशियन चैंपियनशिप कांस्य पदक
2019 एशियन चैंपियनशिप रजत पदक
2019 वर्ल्ड चैंपियनशिप फाइनल में पहली भारतीय महिला
2021 टोक्यो ओलंपिक भागीदारी
2022 कॉमनवेल्थ गेम कांस्य पदक
2023 एशियन गेम्स स्वर्ण पदक
साहिल की महत्वपूर्ण उपलब्ध्यिां
2018 नेशनल किक बॉक्सिंग स्वर्ण पदक
2021 नेशनल किक बॉक्सिंग स्वर्ण पदक
2022 विश्व चैंपियनशिप दो बार हिस्सा
2022 विश्व चैंपियनशिप स्वर्ण पदक
2025 नेशनल किक बॉक्सिंग कांस्य पदक
नेशनल चैंपियनशिप में चार बार मेडल हासिल किए।


No comments:
Post a Comment