आवास विकास की दीवार पर बना अवैध कॉम्पलेक्स
अधिकारी और बिल्डर की मिलीभगत से तैयार हो रहा एक और सेंट्रल मार्केट, मुकदमा दर्ज
मेरठ। अभी शास्त्री नगर का मामला शांत नहीं हुआ है।अब एक ओर अवैध काम्पलैक्स का खुलासा हुआ है। चाणक्यपुरी रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी में रहने वाले 140 परिवारों ने शिकायत भी की है। खास बात यह है कि इस कॉम्पलेक्स का निर्माण पूर्व सांसद के आवास के पीछे ही किया जा रहा है।
चाणक्यपुरी रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी में रहने वाले लोगों का कहना है कि उनकी सोसाइटी के बाहर बनी आवास विकास की दीवार पर पूरा कॉम्पलेक्स बना दिया है। जबकि 2021 में आवास विकास द्वारा यह कहते हुए दीवार बनाई गई थी कि इसके आगे नाला और सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा। लेकिन अब यहां ऐसा कुछ भी नहीं है।
बिल्डर ने लगा दिया बैनर
सोसाइटी के सचिव का आरोप है कि बिल्डर द्वारा लोगों को भ्रमित करने के लिए फर्जी स्वीकृति का बैनर लगा रहा है, जिस पर मेरठ विकास प्राधिकरण की स्वीकृति लिखी है। लेकिन नक्शे पर कोई तारीख या प्रमाण नहीं है। निवासियों ने मांग की है कि शासन-प्रशासन इस प्रकरण की जांच कर जल्द से जल्द कार्रवाई करे और कॉलोनी की बाउंड्री वॉल, सर्विस रोड और नाले का निर्माण पूर्व वादे के अनुसार कराया जाए।
लोग बोले सुरक्षा का भी बड़ा सवाल- महेश्वरी
चाणक्यपुरी रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के सचिव अनुज कुमार महेश्वरी ने आवास विकास विभाग में शिकायत दर्ज कराई है जिसमे उनका कहना है कि आवास विकास की दीवार पर अवैध रूप से बनाए जा रहे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से कॉलोनी निवासियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।सोसाइटी का कहना है कि बिल्डर ने निर्माण में सभी नियमों को ताक पर रख दिया है , न कोई सेट बैक छोड़ा गया है, न ही पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं कॉम्प्लेक्स का रास्ता सीधे कॉलोनी के अंदर से दिखाया गया है, जिससे कॉलोनी की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
गायब कर दी गई सर्विस रोड और नाला- नीरज त्यागी
सोसाइटी के अध्यक्ष नीरज त्यागी ने बताया कि आवास विकास ने पहले यह कहकर बाउंड्री वॉल बनाई थी कि यहां सर्विस रोड और नाले का निर्माण होगा, लेकिन अब यह जगह कॉम्प्लेक्स में शामिल कर दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आवास विकास अधिकारियों की मिलीभगत से सर्विस रोड और नाला गायब कर दिया गया है।यह पूरा निर्माण अवैध है और कहीं न कहीं विभागीय सहमति इसमें शामिल है। सोसाइटी ने इस मामले में मेरठ विकास प्राधिकरण, मंडलायुक्त, सांसद अरुण गोविल और आवास विकास को शिकायतें भेजी हैं। सांसद अरुण गोविल ने इस पर पत्र भी लिखा, लेकिन अध्यक्ष का कहना है कि अब तक मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
फिर होगा व्यापारियों का नुकसान
नीरज त्यागी का कहना है कि जिस तरह सेंट्रल मार्केट के प्लॉट नंबर 661/6 पर धवस्तीकरण की कार्रवाई हुई थी। वैसा ही हाल यहां भी होगा। भोले-भाले लोग इस कॉम्प्लेक्स में दुकानें खरीद लेंगे, बाद में जब इसे अवैध घोषित किया जाएगा तो नुकसान निवासियों और दुकानदारों दोनों का होगा। ऐसा इस बार न हो इसके लिए हम इसकी शिकायत कर रहे हैं।
सांसद आवास से मिली है दीवार
चाणक्यपुरी रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के लोग जिस कॉम्पलेक्स को आवास विकास की दीवार पर अवैध तरीके से बनाने का आरोप लगा रहे हैं वह कॉम्पलेक्स भाजपा के पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल के आवास की बिल्कुल पीछे ही बन रहा है। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक शिकायत करने के बाद भी इसपर रोक नहीं लग रही है।




No comments:
Post a Comment