व्यापारी के नौकर से दिनदहाड़े स्कूटी लूटी
डेढ़ लाख रुपये भी थे, पुलिस जांच में जुटी
मेरठ। थाना परीक्षितगढ़ क्षेत्र में दिनदहाड़े एक व्यापारी के नौकर से स्कूटी और डेढ़ लाख रुपये लूट लिए गए। यह घटना नगर के डिग्री कॉलेज के पास हुई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
बालाजी आटा मिल के मालिक लखीमचंद के अनुसार, उनका नौकर शेरदिन (निवासी थाना भानपुर) दोपहर करीब 1:30 बजे स्कूटी से गोदाम की ओर जा रहा था। गांधी स्मारक देव नागरिक कॉलेज मार्ग पर तिराहे के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोका।बदमाशों ने शेरदिन को जान से मारने की धमकी दी और स्कूटी समेत उस पर रखे डेढ़ लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। वे कॉलेज के सामने से रजवाहे की तरफ भागे।
शेरदिन ने तुरंत अपने मालिक लखीमचंद को घटना की जानकारी दी, जिन्होंने कंट्रोल रूम को सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुजीत सिंह मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह और एसपी देहात अभिजीत सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे।अधिकारियों ने पीड़ित से पूरी जानकारी ली और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, लेकिन अभी तक बदमाशों की पहचान नहीं हो पाई है। एसपी देहात ने थाना पुलिस को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।
घटना की सूचना पर भाजपा नेता अमित मोहन टीपू, संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष राजेंद्र गर्ग, कोषाध्यक्ष संजय सोनी और समिति अध्यक्ष विक्की त्यागी सहित कई स्थानीय व्यापारी नेता मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मिलकर घटना के शीघ्र खुलासे की मांग की।यह घटना थाना प्रभारी सुदीश सिंह के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है, जिन्होंने एक दिन पहले ही किला परीक्षितगढ़ थाना का कार्यभार संभाला था। सोमवार को ही प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार राय को राजनीतिक नाराजगी के चलते सदर बाजार थाने भेजा गया था।
लोहिया नगर से एसएसआई सुदीश सिंह को किला परीक्षितगढ़ थाना प्रभारी नियुक्त किया गया था। उनके कार्यभार संभालने के अगले ही दिन हुई इस लूट की वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।


No comments:
Post a Comment