सपा जिलाध्यक्ष का लोगों ने किया स्वागत
काशी टोल प्लाजा पर कार्यकर्ताओं ने किया अभिनंदन, उत्साह का माहौल दिखा
मेरठ। समाजवादी पार्टी (सपा) ने मेरठ में संगठनात्मक बदलाव करते हुए कर्मवीर सिंह गुमी को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा यह जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद बुधवार को मेरठ पहुंचने पर काशी टोल प्लाजा पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर एकत्र हुए। उन्होंने फूलमालाओं और गुलाब की पंखुड़ियों से नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए गुमी के नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, सपा ने मेरठ जिले में गुर्जर समाज पर दांव लगाया है। कर्मवीर सिंह गुमी लंबे समय से सपा से जुड़े रहे हैं और दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में गुर्जर समाज में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। पार्टी नेतृत्व ने संगठन को सशक्त करने के उद्देश्य से उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
मंगलवार को लखनऊ में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कर्मवीर गुमी को जिलाध्यक्ष नियुक्ति पत्र सौंपा था। इससे पूर्व, विपिन चौधरी लगभग दो साल चार महीने तक मेरठ जिलाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। पार्टी आलाकमान ने उन्हें प्रदेश सचिव के पद पर पदोन्नत कर राज्य कार्यकारिणी में शामिल किया है।
कर्मवीर सिंह गुमी 1972 से राजनीति में सक्रिय हैं और उन्हें सपा संगठन में गहरा अनुभव है। मेरठ पहुंचने पर उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विश्वास पर खरा उतरेंगे और पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे। उन्होंने अपनी नियुक्ति को सम्मान के बजाय एक बड़ी जिम्मेदारी बताया और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर समाजवादी विचारधारा को नई ऊर्जा देने की बात कही।काशी टोल पर आयोजित इस स्वागत कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। इस दौरान समाजवाद के नारों और कार्यकर्ताओं के उत्साह का माहौल देखा गया।
No comments:
Post a Comment