बुलंदशहर के अजय ने सीएम आवास के पास खाया जहर, मौत
बिजली विभाग से था परेशान, हॉस्पिटल में तोड़ा दम
लखनऊ (एजेंसी)।
लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास से करीब 100 कदम दूर जहर खाने वाले युवक की हॉस्पिटल में मौत हो गई है। वह शुक्रवार की सुबह 9:20 बजे लामार्ट्स चौराहे पर पहुंचा। पुलिस को चिल्लाकर बताया कि उसने जहर खा लिया है। पुलिसकर्मी युवक को लड़खड़ाता देखकर घबरा गए। तुरंत सिविल हॉस्पिटल ले गए। वहां उसे एडमिट कराया गया।
डॉक्टरों ने उसका ट्रीटमेंट शुरू किया। युवक की पहचान बुलंदशहर के तातारपुर के अजय के रूप में हुई। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में उसने बताया था कि वह बिजली विभाग से परेशान है। मजबूर होकर उसने जहर खाया। हॉस्पिटल प्रशासन ने जानकारी दी है कि पीड़ित ने सल्फास खाया था। इलाज के दौरान उसकी 11:45 बजे मौत हो गई।
थाना गौतमपल्ली पुलिस के मुताबिक, अजय बुलंदशहर के नगर कोतवाली क्षेत्र के तातारपुर रहने वाला था। उसने बताया कि 2014 में आटा चक्की लगाई थी। कुछ महीने पहले ट्रांसफॉर्मर फुंक गया। उसने विभाग से शिकायत की तो ट्रांसफॉर्मर बदलवा दिया, लेकिन नया ट्रांसफॉर्मर एक घंटा भी नहीं चल पाया।
दोबारा ट्रांसफॉर्मर जल गया तो बिजली विभाग के अफसरों ने अब तक ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला। वह बार-बार विभाग के चक्कर काट रहा है। इसके बावजूद उसका काम नहीं हो पा रहा है। विभाग के कर्मचारी उससे खर्चा मांग रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, अजय ने बताया कि बिजली विभाग के अफसर ट्रांसफॉर्मर ठीक कराने के लिए के लिए 70 प्रतिशत खर्चा मांग रहे हैं। बिजली विभाग की तरफ से एक एस्टीमेट बनाया गया, जिसमें अजय कुमार से कहा गया कि ट्रांसफॉर्मर ठीक करने का 70 प्रतिशत भुगतान आपको करना होगा। तभी नया ट्रांसफॉर्मर लग पाएगा।
इससे आहत होकर शुक्रवार सुबह लखनऊ वह सीएम से जनता दरबार में मिलने के लिए आया था। बाहर लामार्ट्स चौराहे के पास खुद उसने पुलिस को बताया कि जहर खा लिया है। तभी मौके पर मौजूद क्यूआरटी की टीम उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंची और भर्ती कराया।
बुलंदशहर के विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता सुरजीत सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। यह उपभोक्ता मुझसे सीधे कभी नहीं मिला। विभाग यह पता लगा रहा है कि किस अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही से ट्रांसफॉर्मर की समस्या हल नहीं हुई। दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
No comments:
Post a Comment