आई लव मुहम्मद' प्रकरण के बीच जुमा कल
मेरठ सहित पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश में अलर्ट मोड पर रहेंगे सुरक्षा बल
प्रदेश व देश के विभिन्न शहरों में प्रदर्शनों के साथ सांसद चंद्रशेखर और इमरान मसूद के वक्तव्यों से माहौल गरमाया
मेरठ। 'आई लव मुहम्मद' प्रकरण को लेकर अब प्रशासनिक मशीनरी भी अलर्ट मोड पर आ गई है। शुक्रवार को होने वाली जुमे की नमाज को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। बता दें कि मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने पहले ही 'आई लव मुहम्मद' कैंपेन को लेकर जोन के सभी पुलिस अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है।
कल होने वाली जुमे की नमाज को लेकर हालांकि मेरठ में अभी तक किसी भी मुस्लिम संगठन ने विरोध प्रदर्शन की घोषणा नहीं की है लेकिन इसके बावजूद पुलिस प्रशासन फूंक फूंक कर कदम रख रहा है। पूरे जिले में सभी खुफिया एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है। कोतवाली स्थित शाही जामा मस्जिद, खैर नगर स्थित हौज वाली मस्जिद, पत्थर वाली मस्जिद, हापुड़ रोड स्थित इमलियान मस्जिद, लिसाड़ी गेट स्थित कुरैशियान मस्जिद, अहमद रोड स्थित अख्तर मस्जिद और कमेला पुल स्थित मस्जिद जन्नतुल फिरदौस सहित जाकिर कॉलोनी, इस्लामाबाद, किदवई नगर, श्याम नगर, तारापुरी, शकूर नगर, भूमिया पुल और गोला कुआं सहित विभिन्न मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में स्थित मस्जिदों के इर्द गिर्द विशेष चौकसी बरती जाएगी। उधर दूसरी ओर सांसद चंद्रशेखर आजाद और इमरान मसूद द्वारा 'आई लव मुहम्मद' प्रकरण के समर्थन में दिए गए हालिया बयान और बुधवार को उत्तर प्रदेश एवं देश के विभिन्न शहरों में इसी मामले में हुए प्रदर्शनों को लेकर सियासी माहौल एक बार फिर गरमा गया है।


No comments:
Post a Comment