सीएम ग्रिड,स्वच्छता-सौंदर्यीकरण हेतु किए जा रहे विकास कार्यों की आयुक्त ने की गहन समीक्षा
अधिकारियों को समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश
मेरठ।आयुक्त भानू चंद्र गोस्वामी द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शहर में संचालित विकास कार्यों, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित योजनाओं की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष रूप से सीएम ग्रिड के अंतर्गत चल रहे कार्यों एवं नगर क्षेत्र में साफ-सफाई तथा सौंदर्यीकरण की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।
आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी तथा कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संपादित किया जाए।बैठक के दौरान उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और सभी परियोजनाओं को मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए। साथ ही, किए जा रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करते हुए प्रगति की सतत समीक्षा की जाए, जिससे योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके।
आयुक्त ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में जनप्रतिनिधियों का अपेक्षित सहयोग प्राप्त किया जाए, ताकि योजनाओं का प्रभावी एवं समन्वित क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छ, सुन्दर एवं सुव्यवस्थित शहर का निर्माण प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।इस अवसर पर हरिकांत अहलूवालिया महापौर, अमित अग्रवाल विधायक मेरठ कैंट, नगर आयुक्त मेरठ, उपाध्यक्ष मेरठ विकास प्राधिकरण, पीडब्ल्यूडी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment