सीसीएसयू में एनएसएस की एक दिवसीय समीक्षा बैठक सम्पन्न,अतिथियों ने दिए दिशा-निर्देश

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन में  राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की एक दिवसीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. मंजू सिंह, विशेष कार्याधिकारी एवं राज्य संपर्क अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना, उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ रहीं, जबकि विशेष अतिथि के रूप में श्री राजेश तिवारी, युवा अधिकारी, क्षेत्रीय निदेशालय राष्ट्रीय सेवा योजना उपस्थित हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन समन्वयक एनएसएस, सीसीएसयू डॉ. दुष्यंत कुमार चौहान ने दिया, जिसके पश्चात एनएसएस गीत प्रस्तुत किया गया। बैठक के दौरान कार्यक्रम अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए और विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर विशेष अतिथियों ने विस्तार से दिया।

मुख्य अतिथि डॉ. मंजू सिंह ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, नए नियमों और पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनमें नेतृत्व व सेवा भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। सरकार युवाओं को अधिक से अधिक अवसर देने के लिए नई पहल कर रही है।” उन्होंने भविष्य में सामने आने वाली चुनौतियों के समाधान का आश्वासन भी दिया और राज्य व केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे नवीन अपडेट्स साझा किए।

विशेष अतिथि राजेश तिवारी ने कार्यक्रम अधिकारियों के सवालों का समाधान करते हुए कहा कि “एनएसएस समाज में सकारात्मक बदलाव की आधारशिला है। इसके माध्यम से युवा पर्यावरण, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।”

बैठक के दौरान वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के निदेशक (शोध)प्रो. बीरपाल सिंह की गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की गंभीरता और भी प्रखर हुई। विश्वविद्यालय व विभिन्न महाविद्यालयों से आए कार्यक्रम अधिकारियों—डॉ. रानू अग्रवाल, डॉ. सीपी सिंह सहित अन्य—ने अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ दुष्यंत कुमार चौहान ने कहा कि “एनएसएस विद्यार्थियों को केवल सेवा ही नहीं, बल्कि समाज के लिए जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का अवसर देता है। विश्वविद्यालय सदैव ऐसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करता रहेगा।”

संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन जंतु विज्ञान विभाग के छात्र-छात्राओं ने किया। कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण रहा और सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts