शोभित विवि आयोजित हुआ “राइड वाइज, स्टे सेफ” रोड सेफ्टी बूटकैम्प
मेरठ। आवास फाइनेंशियर्स लिमिटेड एवं त्रिगुणा – द साइंस ऑफ़ लिविंग के संयुक्त तत्वावधान में शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ परिसर में “राइड वाइज, स्टे सेफ” रोड सेफ्टी बूटकैम्प का सफल आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें जिम्मेदार एवं सतर्क व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन से हुई, जिसके बाद विवि के सम्मानित अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने अपने विचार साझा किए। इनमें प्रो. वी. के. त्यागी (कुलपति), प्रो. जयनन्द (प्रो वाइस चांसलर), प्रो. (डॉ.) गणेश भारद्वाज (रजिस्ट्रार), प्रो. अशोक गुप्ता (डीन अकादमिक), डॉ. अभिषेक कुमार (निदेशक, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट), डॉ. कुलदीप कुमार, श्री आदर्श गुप्ता (संस्थापक – त्रिगुणा द साइंस ऑफ लिविंग) और श्री अविनाश (स्टेट हेड – आवास फाइनेंशियर्स लिमिटेड) प्रमुख रहे।
सभी वक्ताओं ने सड़क सुरक्षा को व्यक्तिगत प्राथमिकता बनाने की आवश्यकता पर बल दिया और विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि शोभित विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों के समग्र विकास के साथ-साथ उनके सुरक्षित भविष्य के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।
त्रिगुणा टीम ने तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं को जोड़ते हुए युवाओं को सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व पर प्रेरक सत्र आयोजित किए। इंटरएक्टिव सत्रों में युवाओं को हेलमेट पहनने, सीटबेल्ट लगाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग से बचने जैसी सरल लेकिन जीवन रक्षक आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों को 200 निःशुल्क हेलमेट का वितरण रहा। यह न केवल सड़क सुरक्षा के महत्व को दर्शाने वाला प्रतीकात्मक कदम था, बल्कि युवाओं को अपने दैनिक जीवन में इन आदतों को अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित करता है।
“राइड वाइज, स्टे सेफ” रोड सेफ्टी बूटकैम्प, शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ में युवाओं के बीच सुरक्षित और जिम्मेदार सड़क उपयोग की संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।


No comments:
Post a Comment