झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन
राज्य सरकार ने घोषित किया तीन दिन का राजकीय शोक
पीएम मोदी ने अस्पताल जाकर दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली (एजेंसी)।झारखंड के जननायक और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संरक्षक शिबू सोरेन का सोमवार को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे और लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। उनकी देखरेख एक विशेषज्ञ मेडिकल टीम कर रही थी जिसमें न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी के डॉक्टर शामिल थे।
शिबू सोरेन पिछले एक वर्ष से डायलिसिस पर थे। उन्हें किडनी की बीमारी, डायबिटीज और दिल की समस्याएं थीं। हृदय की बायपास सर्जरी भी हो चुकी थी। सोमवार को उनके निधन की खबर आने के साथ ही पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई।
उनके बेटे और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर लिखा- “गुरुजी अब नहीं रहे... उन्होंने हम सभी को हमेशा के लिए छोड़ दिया।”
शिबू सोरेन को झारखंड की राजनीति में 'दिशोम गुरु' के नाम से जाना जाता था। वे झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक सदस्यों में से एक थे और राज्य को अलग पहचान दिलाने की लड़ाई में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा।
11 जनवरी 1944 को रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित नेमरा गांव में जन्मे शिबू सोरेन ने बचपन में ही अपने पिता को खो दिया था। उनके पिता की हत्या गांव के महाजनों ने कर दी थी। इसके बाद उन्होंने स्कूल छोड़ दिया और आदिवासियों के अधिकारों के लिए संघर्ष का रास्ता चुना।
वह यूपीए-1 सरकार में केंद्रीय कोयला मंत्री भी रहे। हालांकि चिरूडीह हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। उनके जीवन की कहानी संघर्ष, बलिदान और नेतृत्व की मिसाल है। आज झारखंड ने न केवल एक नेता, बल्कि एक आंदोलनकारी पिता-पुरुष को खो दिया।
राष्ट्रपति समेत कई दिग्गजों ने जताया शोक
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई दिग्गजों ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक जताया। राजनीतिक जगत में शून्य पैदा होने और अपूरणीय क्षति की बात कहते हुए ओडिशा के पूर्व सीएम नवीन पटनायक, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा जैसे लोगों ने भी शोक प्रकट किया।
पीएम मोदी ने अस्पताल जाकर दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिबू सोरेन के निधन की सूचना मिलने पर दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे। पीएम मोदी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री के परिजनों को सांत्वना देते हुए दिवंगत सांसद को श्रद्धांजलि भी दी।
सोरेन के सम्मान में राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित
नई दिल्ली। संसद के उच्च सदन ने सोमवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के संस्थापक शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मान में सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्री सोरेन एक विशिष्ट आदिवासी नेता थे। दिशोम गुरु के रूप में प्रसिद्ध और जनता के बीच 'गुरुजी' के नाम से लोकप्रिय, वे आदिवासी लोगों के अधिकारों और विकास के संघर्ष में एक अग्रणी आवाज थे।
No comments:
Post a Comment