छेड़छाड़ का विरोध करने वाली युवती को धमकी
एआई से फर्जी अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की दी धमकी, मामला दर्ज
मेरठ। थाना ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में एक युवती को छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी ने एआई तकनीक से अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी है।
जीबीआई पार्क कॉलोनी निवासी सालिक अहमद पर युवती से छेड़छाड़ और प्रेम संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप है।पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी सालिक अहमद लगातार उनकी बेटी से छेड़छाड़ करता था। विरोध करने पर वह गाली-गलौज करता और बदसलूकी करता था। परिवार के लोग जब आरोपी के घर समझाने गए तो उसने वहां भी गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
मामले में नया मोड़ तब आया जब आरोपी ने पीड़िता को ई-मेल के जरिए धमकाना शुरू कर दिया। उसने एआई तकनीक से पीड़िता की फर्जी अश्लील तस्वीरें और वीडियो बनाकर इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी।
ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment