एनसीसी कैडेट ने योगा की विभिन्न मुद्राओं का किया अभ्यास
मेरठ। 22 यूपी गर्ल्स बटालियन के निर्देशन में रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज की एनसीसी की दोनों इकाइयों के कैडेट्स द्वारा कॉलेज परिसर में उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रकार की योग मुद्राओं का अभ्यास किया गया। यह सत्र लगभग 25 से 30 मिनट तक चला, जिसमें सभी कैडेट्स ने पूरे मनोयोग और अनुशासन के साथ भाग लिया। योगाभ्यास के दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, शवासन जैसी मुद्राओं को किया गया, जिनसे शारीरिक लचीलेपन में वृद्धि होती है, रक्तसंचार बेहतर होता है, तनाव और चिंता में कमी आती है तथा मानसिक एकाग्रता और आत्मसंयम विकसित होता है। नियमित योगाभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है, जिससे व्यक्ति का समग्र स्वास्थ्य सुदृढ़ रहता है। इस अभ्यास के माध्यम से कैडेट्स ने ‘स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है’ का प्रेरणादायक संदेश दिया। योगाभ्यास के उपरांत, देशभक्ति से ओतप्रोत फिल्म लाल सिंह चड्ढा कॉलेज ऑडिटोरियम में छात्राओं को दिखाई गई। यह फिल्म एनसीसी और फिल्म क्लब के संयुक्त तत्वावधान में प्रदर्शित की गई। फिल्म ने छात्राओं को यह प्रेरणा दी कि जीवन में परिस्थितियाँ कैसी भी हों, धैर्य, सकारात्मक सोच, कड़ी मेहनत और ईमानदारी से आगे बढ़ते रहना ही सफलता का मार्ग है। साथ ही, इसने देशप्रेम, मानवीय संवेदनाओं, त्याग, सेवा भाव और आपसी सद्भाव का सशक्त संदेश भी दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रोफेसर मेजर अंजुला राजवंशी, सीटीओ श्रीमती प्रियंका, ओएनओआई स्वाती मिश्रा, श्रीमती संयोगिता, श्रीमती अनामिका, मि. लक्ष्मी, मि. लायबा, श्री कुणाल के साथ-साथ एनसीसी कैडेट्स और छात्राओं का सराहनीय योगदान रहा। पूरे आयोजन में अनुशासन, टीमवर्क और सामूहिक उत्साह स्पष्ट रूप से देखने को मिला, जो एनसीसी की मूल भावना का परिचायक है।


No comments:
Post a Comment