नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन में 470 कर्मचारियों की पदोन्नति, कर्मचारियों में उत्साह
नोएडा। नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एनएमआरसी) ने वर्ष 2024-25 के लिए 470 कर्मचारियों की पदोन्नति की प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया है। इस क्रम में गत माह 432 कर्मचारियों की पदोन्नति के बाद शेष 38 कर्मचारियों की पदोन्नति म्रंगलवार को पूरी की गई। यह निर्णय एनएमआरसी की 36वीं बोर्ड बैठक में 2 अगस्त 2023 को अनुमोदित पदोन्नति एवं भर्ती नियमावली के तहत लिया गया, जिसके आधार पर विभिन्न कैडरों में नियमानुसार पदोन्नति की गई।
पदोन्नति सूची में शामिल प्रमुख पदों में मेंटेनर से वरिष्ठ अनुरक्षक (155 कर्मचारी), सीआरए से सीआरए (46 कर्मचारी), एससी/टीओ से सीनियर एससी/टीओ (155 कर्मचारी), जूनियर इंजीनियर से सहायक अनुभाग इंजीनियर (105 कर्मचारी), कार्यालय सहायक से वरिष्ठ कार्यालय सहायक (3 कर्मचारी), लेखा सहायक से वरिष्ठ खाता सहायक (5 कर्मचारी), और डीजीएम (सामान्य) से जेजीएम (टेली) (1 कर्मचारी) शामिल हैं। सभी पदोन्नतियों में 100% कर्मचारियों को लाभ प्राप्त हुआ।इस प्रक्रिया में कर्मचारियों की वार्षिक गोपनीय प्रवृष्टि और व्यक्तिगत पत्रावली के परीक्षण के बाद समिति की संस्तुति पर पदोन्नति की गई।
एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक लोकेश एम., आईएएस ने सभी पदोन्नत कर्मचारियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा, "यह पदोन्नति केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि एनएमआरसी के कर्मचारियों की आजीविका, विकास और मनोबल को सशक्त बनाने के निरंतर प्रयास का हिस्सा है। ये कर्मचारी अपने समर्पण और मेहनत के बल पर इस उपलब्धि के पात्र बने यहैं।"उन्होंने आगे कहा, "यह निर्णय एनएमआरसी की पारदर्शी और कर्मचारी-केंद्रित नीतियों का प्रमाण है, जो संगठनात्मक विकास के साथ-साथ कर्मचारियों के व्यक्तिगत विकास को प्राथमिकता देती है। हमें अपने मानव संसाधनों की क्षमता और प्रतिबद्धता पर गर्व है।"इस अवसर पर नवपदोन्नत कर्मचारियों ने प्रबंध निदेशक श्री लोकेश एम. और कार्यकारी निदेशक श्री महेंद्र प्रसाद का पुष्प गुच्छ और शॉल भेंटकर आभार व्यक्त किया। कर्मचारियों में इस पदोन्नति से भारी उत्साह देखा जा रहा है, जिसका एनएमआरसी के कार्यों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
No comments:
Post a Comment