प्रदेश में बदला मौसम, जोरदार बारिश से बरेली में हाईवे डूबा
लखनऊ (एजेंसी)।
यूपी में भीषण गर्मी के बीच बारिश का दौर शुरू हो गया है। सोमवार सुबह से गोंडा, मथुरा, बलरामपुर, संभल, आगरा, हाथरस, अयोध्या, बरेली, फिरोजाबाद, गोंडा, संतकबीरनगर में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हो रही है। हल्की हवा भी चल रही है। लखनऊ में बादल छाए हैं, सुबह बूंदाबांदी हुई।
बरेली में रात 12 बजे से झमाझम बारिश शुरू हुई। सुबह 6 बजे तक बरसात जारी रही। करीब 6 घंटे की बारिश में शहर से हाईवे तक पानी भर गया। यहां लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर घुटने तक पानी भर गया है। पुलिसकर्मी पानी में खड़े होकर ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे हैं। कई कॉलोनियों में कमर तक पानी भरा है। सुभाष नगर पुलिया के पास रोड नदी जैसा दिख रहा है। मढ़ीनाथ पर भी पानी भर गया। सुभाष नगर पावर हाउस पर दो फीट पानी भर गया है।
आगरा में बारिश से धंसी सड़क, फंसे युवक को बचाया
आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के कालिंदी बिहार में सोमवार सुबह तेज बारिश के कारण 35 साल पुराना भूमिगत नाला क्षतिग्रस्त हो गया। जिसकी वजह से सड़क 18 फीट नीचे धंस गई। इस हादसे में एक युवक मलबे में दब गया, जिसे पुलिस ने रेस्क्यू कर बचा लिया।
गुलाब नगर निवासी गौरव कालिंदी बिहार स्थित गणपति हॉस्पिटल में औषद्यालय सहायक हैं। वह सुबह 9 बजे घर लौट रहे थे। इसी बीच अचानक तेज धमाके के साथ सड़क धंस गई। वह मलबे में दब गए। उसके साथी राहुल, दीपक, कपिल और तुषार ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वे भी मलबे में फंस गए।
मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज राजकुमार गोस्वामी और उपनिरीक्षक राम संजीवन ने जेसीबी मांगकर रेस्क्यू किया। गौरव और उसके दोस्तों को मलबे से सुरक्षित निकाल लिया गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
No comments:
Post a Comment