...तो एंटी एजिंग दवाएं ले रही थीं शेफाली जरी वाला!

 पुलिस ने दर्ज किया पति समेत चार के बयान
नई दिल्ली (एजेंसी)।बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। एक्टर और मॉडल शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में निधन हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीती देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्हें मुंबई के बेलेव्यू अस्पताल में मृत लाया गया था। उनके पति पराग त्यागी और तीन अन्य लोग शेफाली को अस्पताल ले गए थे। उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मुंबई के कूपर अस्पताल भेज दिया गया है।
मुंबई पुलिस ने मामले की जांच तेज़ कर दी है। पुलिस ने उनके पति और टीवी एक्टर पराग त्यागी का बयान उनके घर पर दर्ज किया है। पराग त्यागी ने पुलिस को बताया कि शेफाली बीते कुछ वर्षों से युवा दिखने के लिए एंटी-एजिंग ट्रीटमेंट ले रही थीं। वह नियमित रूप से विटामिन सी और ग्लूटाथियोन नाम की दवाएं लेती थीं। इन दवाओं का उपयोग आमतौर पर त्वचा की चमक बनाए रखने और फेयरनेस के लिए किया जाता है।
डॉक्टरों का कहना है कि इन दवाओं का दिल से कोई संबंध नहीं होता। ये सिर्फ त्वचा पर असर डालती हैं। डॉक्टर ने यह भी बताया कि शेफाली पूरी तरह फिट थीं और उन्होंने कभी किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं की थी। बता दें कि मुंबई पुलिस ने अब तक कुल चार लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें दो घरेलू नौकर, एक सिक्योरिटी गार्ड और पराग त्यागी शामिल हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना मुंबई के अंधेरी (लोखंडवाला) इलाके की है, जहां शेफाली अपने पति पराग त्यागी के साथ रहती थीं। बताया गया है कि शेफाली को अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। पराग उन्हें तुरंत पास के बेलेव्यू अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शेफाली जरीवाला का जन्म अहमदाबाद (गुजरात) में हुआ था। वह अपनी मशहूर म्यूजिक वीडियो 'कांटा लगा' से रातों-रात मशहूर हो गई थीं। उनकी यह वीडियो साल 2002 में आई थी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts