डेढ़ लाख रुपये रिश्वत लेते रोहटा थाने का दरोगा धरा गया
_ दहेज उत्पीड़न के मामले में नाम निकालने के नाम पर मांग रहा था रिश्वत
- कंकरखेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज ,थाने में मचा हड़कंप
मेरठ। दहेज उत्पीड़न के मामले में नाम निकालने को लेकर डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांग रहे रोहटा थाने के दरोगा को विजिलेंस टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दरोगा ने विजिलेंस टीम के साथ हाथापाई कर फरार होने का प्रयास किया। टीम ने आरोपी दरोगा से रिश्वत में ली गई रकम बरामद कर ली गई। विजिलेंस टीम ने कंकरखेड़ा थाने में दरोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमा होने के बाद एसएसपी ने दरोगा को सस्पेंड कर दिया है।
रोहटा थानाक्षेत्र स्थित डालमपुर निवासी योगेंद्र की बेटी वंशिका की शादी 18 फरवरी 2024 को आदित्य तोमर पुत्र ओमवीर सिंह आर्य निवासी अर्जुनपुरम कॉलोनी, भोला रोड कंकरखेड़ा से हुई थी। आदित्य हल्द्वानी में बैंक मैनेजर है, जबकि ओमवीर सिंह आर्य सेना में कार्यरत है। फिलहाल वह कोलकाता में तैनात हैं। वंशिका की ओर से रोहटा थाने में 14 मई को दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया गया। पति, सास-ससुर और 12 साल के देवर को नामजद किया गया। मुकदमे में जांच कल्याणपुर चौकी पर तैनात दरोगा प्रिंस सिंह को दी गई। दरोगा प्रिंस सिंह ने ओमवीर सिंह से फोन पर संपर्क कर मुकदमे की जानकारी दी। इसके बाद ओमवीर सिंह छुट्टी लेकर मेरठ आए।
दरोगा सनी सिंह, 18 मई को ओमवीर के घर पर अपने साथी के साथ पहुंचा और बयान लिए। 19 मई को दोबारा दरोगा ओमवीर के घर पहुंचा और तीन लाख रुपये रिश्वत मांगी। कहा रकम मिल जाएगी तो केस में एफआर लगाकर जांच बंद कर दूंगा। डेढ़ लाख रुपये में बात तय हो गई।
ओमवीर सिंह ने विजिलेंस टीम से शिकायत की। विजिलेंस टीम ने केमिकल लगे नोट ओमवीर को दिए और दरोगा को गुरुवार दोपहर शोभापुर चौकी के पास बुलाया। रिश्वत की रकम लेते ही विजिलेंस टीम ने दरोगा सनी सिंह को दबोच लिया। दरोगा ने विजिलेंस टीम से हाथापाई कर फरार होने का प्रयास किया। विजिलेंस टीम के सदस्यों के कपड़े फट गए और चोटिल हो गए। इसके बाद दरोगा को गिरफ्तार कर कंकरखेड़ा थाने लाया गया। मुकदमा दर्ज कर आरोपी से रकम बरामद दिखाई गई।
No comments:
Post a Comment