नारी सम्मान, विकसित भारत की पहली सीढ़ी : पीएम मोदी गुजरात में दी 450 करोड़ की योजनाओं की सौगात
नवसारी (एजेंसी)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के नवसारी में लखपति दीदियों से संवाद किया।कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि 'मेरी जिंदगी के अकाउंट में करोड़ों माताओं-बहनों का आशीर्वाद है, मैं दुनिया का सबसे धनवान व्यक्ति हूं। माताओं-बहनों का आशीर्वाद मेरी सबसे बड़ी ताकत है, मेरी पूंजी है और मेरा सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। नारी का सम्मान विकसित भारत की पहली सीढ़ी है।
पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर वानसी बोरसी गांव में 25,000 से अधिक स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की 2.5 लाख से अधिक महिलाओं को 450 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता वितरित की। संवाद के बाद पीएम मोदी ने रोड शो भी किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 'आज यहां गुजरात सफल और गुजरात मैत्री, इन दो योजनाओं का शुभारंभ भी हुआ है। अनेक योजनाओं के पैसे भी महिलाओं के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर किए गए हैं। मैं इसके लिए भी आप सभी को बधाई देता हूं। आज का दिन महिलाओं को समर्पित है।' प्रधानमंत्री ने कहा 'मुस्लिम महिलाओं की मांग थी कि उन्हें सुरक्षा दी जाए तो मुस्लिम महिला (शादी में सुरक्षा का अधिकार) कानून, 2019 के तहत उनकी जिंदगी को बर्बाद होने से बचाया गया। जब कश्मीर में अनुच्छेद 370 लागू था तो वहां महिलाओं को कई अधिकारों से वंचित रखा गया था। अगर वे राज्य से बाहर शादी करतीं तो उन्हें संपत्ति में अधिकार नहीं मिलता था। अनुच्छेद 370 हटने के बाद अब उन्हें भी देश की अन्य महिलाओं की तरह समान अधिकार हैं।'
पीएम मोदी ने कहा कि 'हम सबको ये देखकर गर्व होता है कि आज दुनिया में सबसे बड़ी संख्या में महिला पायलट, हमारे भारत में हैं। ये नारीशक्ति के सामर्थ्य का ही उदाहरण है। राजनीति का मैदान हो या खेल का मैदान, न्यायपालिका हो या फिर पुलिस, देश के हर सेक्टर में, हर आयाम में महिलाओं का परचम लहरा रहा है।
पीएम मोदी ने इससे पहले गुजरात को 2,587 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात भी दी। शुक्रवार को पीएम ने सिलवासा में 450 बिस्तरों वाले नमो अस्पताल का उद्घाटन किया। उन्होंने सायली स्टेडियम से 62 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास भी किया।
No comments:
Post a Comment