तेलंगाना सुरंग हादसा, 12 किमी अंदर छत गिरी, 6 मजदूर फंसे
सिंचाई विभाग के अधिकारी विशेष हेलीकॉप्टर से घटनास्थल के लिए रवाना
तेजंगाना,एजेंसी। तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक नहर (SLBC) टनल प्रोजेक्ट के निर्माणाधीन हिस्से में छत का एक हिस्सा ढह गया। छह मजदूर फंस गए। अधिकारी ने कहा, "घटना तब हुई जब कुछ मजदूर काम के सिलसिले में अंदर गए थे, तभी सुरंग के इंट्री पॉइंट से 12-13 किलोमीटर अंदर छत गिर गई
पुलिस के अनुसार, निर्माण कार्य में लगी कंपनी की टीम ने साइट का आकलन किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब मजदूर सुरंग के भीतर लगभग 12-13 किलोमीटर अंदर कार्य कर रहे थे, तभी छत का एक हिस्सा गिर गया। कंपनी ने जानकारी दी कि 6 से 8 मजदूर फंसे हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने दिए राहत कार्य के निर्देश
इस घटना पर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने चिंता व्यक्त करते हुए जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों को तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि दुर्घटना में कुछ लोग घायल हुए हैं, हालांकि संख्या स्पष्ट नहीं है।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज्य के सिंचाई मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी, सरकार के सिंचाई सलाहकार आदित्यनाथ दास और अन्य सिंचाई विभाग के अधिकारी विशेष हेलीकॉप्टर से घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने की घटना की समीक्षा
केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने इस हादसे पर चिंता जताते हुए अधिकारियों से तुरंत राहत कार्य शुरू करने और फंसे हुए मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों को उचित इलाज उपलब्ध कराने को भी कहा है। प्रशासन द्वारा बचाव कार्य में तेजी लाई जा रही है, हालांकि अब तक फंसे मजदूरों की स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
खबर पर अपडेट जारी ......
No comments:
Post a Comment