कोहरे की मारः सौ से ज्यादा उड़ानों में देरी, ट्रेनें भी हुईं लेट

नई दिल्ली (एजेंसी)।
इन दिनों देश के अधिकांश इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शुक्रवार को ठंड के साथ लोगों को कोहरे की भी मार झेलनी पड़ी। हालात ये रहे कि दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार की सुबह 100 से भी ज्यादा उड़ानों में देरी हुई है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। दिल्ली एयरपोर्ट पर घने कोहरे के कारण कम दृश्यता की स्थिति रही, जिससे हवाई सेवाओं का परिचालन प्रभावित हुआ।
इंडिगो एयरलाइंस ने सुबह 5.04 बजे सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एक पोस्ट में यात्रियों से एयरपोर्ट जाने से पहले उड़ान की स्थिति के बारे में अपडेट रहने की अपील की। एयरपोर्ट ऑपरेटर दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने सुबह 5.52 बजे एक्स पर एक पोस्ट में बताया, 'घने कोहरे के कारण उड़ानों के प्रस्थान पर असर पड़ा है, हालांकि, कैट III नियम अनुपालन वाली उड़ानें दिल्ली एयरपोर्ट से संचालित हो रही हैं।' गौरतलब है कि कैट III अनुपालन कम दृश्यता की स्थिति में भी उड़ान संचालन की अनुमति देता है।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार डॉट कॉम पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट पर 100 से अधिक उड़ानों में देरी हुई है। डायल ने यात्रियों से उड़ान की जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करने को कहा और यात्रियों को हुई किसी भी असुविधा के लिए खेद भी जताया।
शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी में कोहरे की मोटी चादर छाई रही, जिससे दृश्यता शून्य हो गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह 5.30 बजे दिल्ली में 9.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जबकि अधिकतम तापमान 'घने कोहरे' के साथ 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
दिल्ली में गंभीर हुई हवा की गुणवत्ता
राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज सुबह 7 बजे दिल्ली में एक्यूआई 409 दर्ज किया गया। कल इसी समय यह 299 था। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है। तापमान में गिरावट के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में कई रैन बसेरों में सभी बिस्तर भरे हुए देखे गए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts