राष्ट्रभक्त और रामभक्त थे कल्याण सिंह-योगी
पूर्व मुख्यमंत्री को सीएम ने अर्पित की पुष्पांजलि
लखनऊ ,एजेंसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यपाल रहे स्व. कल्याण सिंह की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की। सीएम ने उनकी अद्भुत कार्यशैली की तारीफ की। कहा कि वो राष्ट्रभक्त होने के साथ ही रामभक्त भी थे।
लखनऊ के मॉल एवेन्यू स्थित उनके आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह भारत माता के सच्चे सपूत थे। उन्होंने सुशासन, राष्ट्रवाद और आदर्शों के साथ कभी समझौता नहीं किया। उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश सुशासन और विकास की नई मिसाल पेश कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह ने 1990 के दशक में प्रदेश को सुशासन का अनुभव कराया। उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन में अपनी सरकार की आहुति देकर यह साबित कर दिया कि उनके लिए सिद्धांत सर्वोपरि थे।सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण कार्य पूरा होते देख उनकी आत्मा को शांति मिली होगी। उनके विचार आज भी हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह ने नकल विहीन परीक्षा का अभियान चलाकर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया। किसानों के लिए योजनाएं लागू कर उनके जीवन में खुशहाली लाने का प्रयास किया।योगी ने कहा कि उनके पौत्र संदीप सिंह आज बेसिक शिक्षा मंत्री के रूप में शिक्षा को नई दिशा दे रहे हैं। यह कल्याण सिंह के मूल्यों और आदर्शों की विरासत का ही परिणाम है।
सीएम योगी ने कहा कि 21 अगस्त 2021 को भले ही उन्होंने भौतिक रूप से हमें छोड़ा हो, लेकिन उनके आदर्श और विचार हमेशा हमारा मार्गदर्शन करेंगे। जब भी ईमानदारी और सुशासन की बात होगी, कल्याण सिंह का नाम प्रदेश वासियों की जुबां से श्रद्धा से लिया जाएगा।
इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, सांसद साक्षी महाराज, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।
No comments:
Post a Comment