मनमोहन सिंह को याद कर भावुक हुए पीएम मोदी

 बोले- उनका जीवन ईमानदारी, सादगी का प्रतीक
नई दिल्ली (एजेंसी)पूर्व प्रधानमंत्री डा.मनमोहन सिंह के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। देश में सात दिन के राष्ट्रीय शोक का एलान किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनमोहन सिंह के आवास जाकर पूर्व पीएम के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एक शोक संदेश जारी किया और पूर्व पीएम को याद किया।
पीएम मोदी ने कहा कि 'पूर्व पीएम मनमोहन सिंह से निधन से हम सभी दुखी हैं। उनका जाना देश के लिए बड़ा झटका है। मनमोहन सिंह का जीवन भावी पीढ़ियों के लिए उदाहरण है कि किस तरह से वे सभी चुनौतियों से पार पाकर ऊंचाई पर पहुंच सकते हैं।' प्रधानमंत्री ने कहा कि 'वह हमेशा एक ईमानदार नेता, एक महान अर्थशास्त्री और एक ऐसा नेता के तौर पर याद रखे जाएंगे, जिन्होंने खुद को सुधारों के प्रति समर्पित कर दिया। एक अर्थशास्त्री के रूप में, खासकर चुनौतीपूर्ण समय में उन्होंने देश की बड़ी सेवा की। उन्होंने अलग-अलग पदों पर अपने सेवाएं दीं और देश की विकास यात्रा में अहम योगदान दिया। उन्होंने रिजर्व बैंक के गवर्नर के रूप में सेवाएं दीं। पूर्व पीएम पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री रहे और देश में आर्थिक उदारीकरण की नींव रखी।'
पीएम मोदी ने कहा कि 'जनता के प्रति, देश के विकास के प्रति उनका जो समर्पण था, उसे हमेशा बहुत सम्मान से देखा जाएगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की।
भाजपा नेता मनोज तिवारी ने दुख जताया। उन्होंने कहा, यह बहुत ही दुखद समाचार है। एनसीपी (शरद पवार) सांसद सुप्रिला सुले ने कहा, वह अद्भुत व्यक्ति थे। मैं खुशनसीब हूं कि मुझे उनसे मिलने का, उनसे बात करने का और संसद में कई बार उन्हें सुनने का मौका मिला। उनसे जुड़ी कई सारी यादें हैं। वह केवल भारत ही नहीं, दुनिया के सबसे बेहतर अर्थशास्त्री थे।
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा, आज डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से पूरा देश शोकाकुल है। जो रिक्तता आई है, वह देश के लिए अपूरणीय क्षति है।
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को अंतिम श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts