नवनियुक्त प्राचार्य मनोज रावत ने गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की
मेरठ। मंगलवार को मेरठ कॉलेज के नवनियुक्त प्राचार्य प्रोफेसर मनोज कुमार रावत ने प्रबंध तंत्र के सचिव विवेक कुमार गर्ग के साथ मिलकर गांधी की मूर्ति, भगत सिंह की मूर्ति, शहीद स्मारक एवं गांधी के उपवास से संबंधित वट वृक्ष स्मृति स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और शहीद ए आजम भगत सिंह के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।
मेरठ कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर मनोज कुमार रावत ने बताया कि वर्तमान में अक्टूबर का महीना चल रहा है और क्योंकि अक्टूबर में ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जन्म हुआ था। अतः यह उनके लिए गौरव की बात है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्म से संबंधित महीने में ही उन्होंने मेरठ कॉलेज के प्राचार्य पद पर नियुक्ति पाई है। इसीलिए अपने प्राचार्य पद की दूसरी पारी की शुरुआत पर महात्मा गांधी के आदर्श और शहीद भगत सिंह की विचारधारा को अपनाकर वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इस ऐतिहासिक और विशालतम कॉलेज को उन्नति के पथ पर ले जाएंगे। मेरठ कॉलेज के सचिव विवेक कुमार गर्ग ने बताया कि यह वटवृक्ष मेरठ कॉलेज में श्री नारायण स्वामी जी महाराज द्वारा लगाया गया था। यहां उल्लेखनीय तथ्य है की महात्मा गांधी ने 1943 में 21 दिन का उपवास किया था। जिसकी सफल समाप्ति की स्मृति में 3 मार्च 1943 को महाराज श्री नारायण स्वामी ने यह वटवृक्ष मेरठ कॉलेज के ऐतिहासिक मंगल पांडे सभागार के समीप लगवाया और तत्कालीन समय में इस स्थल पर 194 घंटे का एक अखंड हवन भी किया गया था। अतः यह भी एक महात्मा गांधी की स्मृति से संबंधित स्थल माना जा सकता है। यहां उल्लेखनीय तथ्य है की प्रोफेसर मनोज कुमार रावत मेरठ कॉलेज में प्राचार्य के पद भार संभालने से पहले आगरा कॉलेज आगरा के रसायन विज्ञान विभाग में विभाग के अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवा दे रहे थे। इससे भी पूर्व 2009 से 2016 तक मनोज रावत ने आगरा कॉलेज में प्राचार्य के रूप में भी कार्य किया है। डॉ रावत ने रसायन शास्त्र में डीएससी की उपाधि प्राप्त की है और उनके निर्देशन में अनेक छात्र पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर चुके हैं। प्रोफेसर रावत न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय रहे हैं। यह भारत विकास परिषद और भारतीय शिक्षण मंडल जैसे सामाजिक संगठनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और वर्तमान में प्रोफेसर रावत विज्ञान भारती के ब्रज प्रांत के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। माल्यार्पण के बाद प्रोफेसर मनोज कुमार रावत एवं श्री विवेक कुमार गर्ग के द्वारा मेरठ कॉलेज के विभिन्न विभागों का निरीक्षण भी किया गया।
No comments:
Post a Comment