अवैध असलहा फैक्ट्री पर पुलिस ने छापा मार कर दिया भंडाफोड़
अवैध हथियारों के साथ चार को दबोचा ,उपचुनाव में होनी थी हथियारों की सप्लाई
मेरठ। रविवार को थाना लिसाड़ी गेट स्थित कांच का पुल के पास एक मकान में चल रही अवैध असलहा फैक्ट्री पर पुलिस ने छापा मार कर भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. विपिन टाडा स्वयं लिसाड़ी गेट पहुंचे।
लिसाड़ी गेट थाने के अंतर्गत कांच के पुल के पास स्थित लखीपुरा (अहमदनगर) में एक मकान के अंदर यह फैक्ट्री चल रही थी। पुलिस को पिछले काफी दिनों से इस फैक्ट्री के बारे में सूचनाएं मिल रही थी। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने शनिवार देर रात इस मकान पर छापा मारा। पुलिस के पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया और वहां मौजूद काम कर रहे लोग भागने लगे। पुलिस ने यहां से चार लोगों को पकड़ कर हिरासत में लिया है। इन चारों से पूछताछ जारी है। पुलिस को आशंका है कि यहां बन रहे अवैध हथियार उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव में सप्लाई किए जाने थे। पुलिस इस त्योहारी सीजन में भी इन हथियारों के इस्तेमाल की आशंका जता रही है।
पुलिस को यहां छापे के दौरान भारी संख्या में बने और अधबने बने हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस ने सभी हथियार अपने कब्जे में ले लिए हैं। बताया जाता है कि एक मुखबिर की पक्की सूचना पर पुलिस ने यहां शनिवार देर रात छापा मारा। पुलिस ने यहां से इन हथियारों के अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल की जाने वाली मशीन और औजारों को भी अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जाता है कि जो फैक्ट्री पकड़ी गई है वो साजिद नामक व्यक्ति की है, जो ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। बताते चलें कि लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में इससे पूर्व भी कई बार पुलिस अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ कर चुकी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. विपिन टाडा भी लिसाड़ी गेट थाने पहुंचे और घटना के बारे में विस्तृत जानकारी मिली तथा आरोपियों से पूछताछ की।


No comments:
Post a Comment