बॉम्बे हाईकोर्ट से छोटा राजन को बड़ी राहत

 उम्रकैद की सजा निलंबित होने के बाद मिली जमानत
मुंबई (एजेंसी)।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने 2001 के जया शेट्टी हत्या मामले में गैंगस्टर छोटा राजन को जमानत दे दी। उसे इस साल की शुरुआत में दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। हालांकि अब अदालत ने सजा निलंबित कर दी। न्यायमूर्ति रेवती मोहिते डेरे और न्यायमूर्ति पृथ्वीराज चव्हाण की खंडपीठ ने उसे एक लाख रुपये के मुचलके पर जमानत दी है।
अदालत ने राजन की उम्रकैद की सजा बुधवार को निलंबित कर दी और उसे इस मामले में जमानत दे दी। बहरहाल, राजन अन्य आपराधिक मामले के संबंध में अभी जेल में ही रहेगा। बता दें, जया शेट्टी मध्य मुंबई के गामदेवी में गोल्डन क्राउन होटल की मालकिन थीं। मुंबई की एक मकोका कोर्ट के विशेष न्यायधीश एम एम पाटिल ने राजन को दोषी ठहराया था।
गौरतलब है कि छोटा राजन गिरोह की ओर से जबरन वसूली की धमकियों का सामना कर रहीं जया शेट्टी को गिरोह के दो कथित सदस्यों ने चार मई 2001 को होटल की पहली मंजिल पर गोली मार दी थी। छोटा राजन गिरोह से जबरन वसूली की धमकी मिलने की सूचना के बाद होटल व्यवसायी को पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई थी। लेकिन हमले से दो महीने पहले शेट्टी के अनुरोध पर उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई थी। छोटा राजन का नाम राजेंद्र सदाशिव निकालजे है। उसका जन्म 13 जनवरी 1960 को हुआ था।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts