अजय देवगन दोहराएंगे इतिहास, ‘सिंघम अगेन’ का ट्रेलर लांच
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन की आने वाली फिल्म सिंघम अगेन का ट्रेलर रिलीज हो गया है। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म सिंघम अगेन, सिंघम फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है।
ट्रेलर में अजय देवगन, करीना कपूर, अक्षय कुमार, दीपिका पादुकोण, रवि किशन, टाइगर श्रॉफ, अर्जुन कपूर, रणवीर सिंह, श्वेता तिवारी और जैकी श्रॉफ की झलक देखने को मिली है और कई दमदार डायलॉग्स सुनने को मिले हैं।
इस फिल्म के ट्रेलर को हिन्दी फिल्मों के इतिहास का सबसे लंबा ट्रेलर बताया जा रहा है। फिल्म के 4:58 सेकंड के इस ट्रेलर की शुरुआत अजय देवगन के सीन से होती है, जो देश की सीमा पर बर्फ से लदे पहाड़ों की तरफ देख रहे हैं। करीना कपूर अजय देवगन की पत्नी की भूमिका में हैं, जो रामलीला आयोजित कर रही हैं। करीना अपने रामलीला के अगले सीन के बारे में अजय देवगन और अपने बेटे से डिस्कस करती दिख रही हैं।
इसी के साथ इस कहानी को सीता मां के हरण की कहानी के साथ जोड़ा गया है। करीना को किडनैप कर लिया जाता है और अब एक और लंका जलने वाली है। अब अजय देवगन इतिहास दोहराने जा रहे हैं और अपने वचन के लिए एक और लंका जलाने की तैयारी में हैं।
रोहित शेट्टी की निर्देशित ‘सिंघम अगेन’ में अजय देवगन, सिंघम के किरदार में नजर आएंगे। इस फिल्म में अक्षय कुमार, रणवीर सिंह,दीपिका पादुकोण, करीना कपूर खान, टाइगर श्रॉफ, अर्जुन कपूर और जैकी श्रॉफ जैसे कई सितारे नजर आयेंगे। यह फिल्म 01 नवंबर को दीवाली के अवसर पर रिलीज होगी।
No comments:
Post a Comment