बड़ी खबर
हाथरस में सत्संग में मची भगदड़ में 116 से ज्यादा मौत, 150 घायल
मरने वालों में महिलाएं व बच्चे भी शामिल , शवों से अटा पोस्टमार्टम हाऊस
सीएम योगी ने किया मृतकों को 2 -2 लाख मुआवजे का एलान
हाथरस,एजेंसी। मंगलवार को हाथरस में भोले बाबा के सत्संग के दौरान भगदड़ मच गई। इसमें 116 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। 150 से अधिक भक्त घायल हैं। इनमें कई की हालत गंभीर हैं। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। मुख्य सचिव मनोज सिंह और डीजीपी प्रशांत कुमार घटनास्थल के रवाना हो गए हैं। वही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में मारे गये लोगों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रूपये मुआवजे का ऐलान किया है।
एटा सीएमओ उमेश त्रिपाठी ने बताया कि हाथरस से अब तक 27 शव आ चुके हैं। इनमें 25 महिलाएं और 2 पुरुष हैं। बाकी शव सीएचसी सिंकदराराऊ में हैं। वहां करीब 150 से ज्यादा लोग एडमिट हैं। शवों के पंचनामा की प्रक्रिया चल रही है। फिर पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। घटना रतिभानपुर में हुई है।
हादसे के बाद हालात भयावह हो गए। जैसे-तैसे घायलों और मृतकों को बस-टैंपों में लादकर जिला अस्पताल ले जाया गया। सीएम योगी ने एडीजी आगरा और कमिश्नर को अलीगढ़ पहुंचने के आदेश दिए हैं। डीएम और एसपी मौके पर पहुंच गए हैं। सत्संग में 15 हजार से अधिक लोग आए थे।हादसे के बाद इतने घायल पहुंचे कि सरकारी अस्पताल फुल हो गए। सीएचसी के बाहर कुछ लोग तड़पते हुए नजर आए। हाथरस प्रशासन ने प्राइवेट अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है। सभी से बेड रिजर्व रखने को कहा है। घायल को अब प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया है। मौके पर हालात बेकाबू हैं। हर कोई भीड़ और लाशों के बीच अपनों को तलाश रहा है।
पहले निकलने की आपाधापी में हुआ बड़ा हादसा
सत्संग खत्म हो गया था। एक साथ लोग निकल रहे थे। हॉल छोटा था। गेट भी पतला था। पहले निकलने के चक्कर में भगदड़ मच गई। लोग एक दूसरे पर गिर पड़े। ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे। इस वजह से 150 से अधिक लोग घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शी ज्योति ने बताया वह शांति सत्संग में गए थे। सत्संग खत्म होने के बाद लोग निकलने लगे। भीड़ बहुत ज्यादा थी, तभी अचानक भीड़ में भगदड़ मच गई। जिससे कई लोग एक दूसरे के नीचे दब गए। कई लोगों की जान चली गई।उनके साथ आए कई लोगों की जान चली गई है। वह भी दब गई थी। लगा था कि मौत हो जाएगी। लेकिन किसी तरह से बच गई।
सीएम योगी ने दुख जताया
सीएम योगी ने घटना पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों के उचित उपचार के भी निर्देश दिए हैं। उन्होनें हादसे में मारे गये लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रूपये के मुआवजे का ऐलान किया है।
भोले बाबा उत्तर प्रदेश के एटा जिले की पटयाली तहसील के गांव बहादुर नगरी के रहने वाले हैं। उन्होंने 26 साल पहले सरकारी नौकरी छोड़कर प्रवचन शुरू किया था।उन्होंने अपने प्रवचन में बताया था कि वे गुप्तचर ब्यूरो में नौकरी करते थे। साकार विश्व हरि भोले बाबा के अनुयायी पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तराखंड में ज्यादा हैं।
No comments:
Post a Comment