श्रद्धालुओं की चलती बस में लगी आग, 10 जिंदा जले

कड़ा, कंगन, कुंडल और कपड़ों से हुई पहचान
तावडू (एजेंसी)हरियाणा के नूंह में कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे भीषण हादसा हुआ। यहां श्रद्धालुओं से भरी बस में आग लग गई। अग्निकांड में दस यात्री जिंदा जल गए। जबकि 28 झुलस गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे का शिकार सभी लोग पंजाब के रहने वाले हैं। गुरुग्राम लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार राज बब्बर अस्पताल घायलों को देखने पहुंचे।
चलती बस में आग की लपटें देख स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास करते हुए पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने बड़ी मशक्कत से आग पर काबू पा लिया। हादसे के शिकार लोग पंजाब और चंडीगढ़ के रहने वाले बताए गए हैं जो मथुरा और वृंदावन दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस जांच में जुट गई।
श्रद्धालु बीते शुक्रवार को एक टूरिस्ट बस से बनारस और मथुरा वृंदावन दर्शन के लिए निकले थे। बस में 60 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। यह सभी नजदीकी रिश्तेदार थे जो पंजाब के लुधियाना, होशियारपुर और चंडीगढ़ के रहने वाले थे। शुक्रवार-शनिवार की रात वह दर्शन कर वापस लौट रहे थे। देर रात डेढ़ बजे के करीब बस में आग की लपटें दिखाई दीं। उन्होंने बताया कि वह आगे की सीट पर बैठी हुई थीं। किसी तरह स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें निकाल लिया गया।
ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी। मौके पर ट्रैफिक थाना के 25 पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से खिड़की तोड़-तोड़कर लोगों को बाहर निकाला। इनमें से कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में दस लोगों की मौत हो गई, 28 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कड़ा, कंगन, कुंडल और कपड़ों से मृतकों की पहचान की गई है। मरने वालों में छह लोग होशियारपुर के शालीमार नगर के रहने वाले हैं। इनमें से तीन एक ही परिवार के हैं। मरने वालों में गौतम पुत्र राकेश कुमार, शशि सुनीला, सुनीता, अमरावती उषा, शारदा और सुनीता बताए जा रहे हैं। मृतकों में 12 साल की बच्ची योगिता भी शामिल हैं।  
बताया जा रहा है कि राकेश कुमार पिछले 20 साल से हर साल अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को तीर्थ यात्रा पर ले जाते थे। हादसे में राकेश कुमार की पत्नी और बेटे की भी मौत हो गई है। हादसे की सूचना मिलने के कुछ देर बाद पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया भी अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।  

No comments:

Post a Comment

Popular Posts