आज के भारत ने छोटे सपने देखना छोड़ दियाः पीएम मोदीप्रधानमंत्री ने 554 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की नींव रखी
नई दिल्ली (एजेंसी)।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार का दिन रेलवे के लिए एक ऐतिहासिक बताया। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 554 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास और 1500 रोड ओवर ब्रिज/रोड अंडर ब्रिज की आधारशिला रखी। इसके अलावा पीएम ने उत्तर प्रदेश में गोमती नगर स्टेशन का भी उद्घाटन किया।
इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि आज का ये कार्यक्रम नए भारत की नई कार्य संस्कृति का प्रतीक है। आज भारत जो करता है, अभूतपूर्व स्पीड से करता है। आज भारत जो करता है...अभूतपूर्व स्केल से करता है। आज के भारत ने छोटे-छोटे सपने देखना छोड़ दिया है। हम बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर देते हैं। यही संकल्प इस विकसित भारत, विकसित रेलवे कार्यक्रम में दिख रहा है।'
उन्होंने कहा कि आज रेलवे से जुड़ी दो हजार से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। अभी तो इस सरकार के तीसरे टर्म की शुरुआत जून महीने से होने वाली है। लेकिन अभी से जिस स्केल और स्पीड से काम होना शुरू हो गया है, वो सबको हैरत में डालने वाला है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज 27 राज्यों के करीब 300 से अधिक जिलों में 550 से ज्यादा रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प का शिलान्यास हुआ है। आज यूपी के गोमती नगर के जिस रेलवे स्टेशन का लोकार्पण हुआ है, वो वाकई कमाल का दिखता है। इसके अलावा आज 1,500 से ज्यादा रोड, ओवरब्रिज, अंडरपास जैसी परियोजनाएं भी इसमें शामिल हैं। 40 हजार करोड़ की ये परियोजनाएं एक साथ जमीन पर उतर रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि ये दिखाता है कि भारत की प्रगति की रेल किस गति से आगे बढ़ रही है। मैं देश के विभिन्न राज्यों को, वहां के नागरिकों को, भाई-बहनों को और युवा साथियों को बहुत-बहुत बधाई देना चाहता हूं। क्योंकि इसके सबसे ज्यादा लाभार्थी युवा ही हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत युवाओं के सपनों का भारत है, इसलिए विकसित भारत कैसा होगा, ये तय करने का सबसे अधिक हक उन्हीं को है।


No comments:
Post a Comment