विवि में दीपावली के अवसर पर दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन
मेरठ । शुक्रवार को हिंदी एवं आधुनिक भारतीय भाषा विभाग चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ में दीपावली के अवसर पर दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर नवीन चंद्र लोहनी ने कहा कि दीपावली उत्सव का त्यौहार है। यह हमारी सांस्कृतिक विशेषताओं को उद्घाटित करता है। हर्ष प्रसन्नता उत्साह का संचार हमारे जीवन में त्योहारों के माध्यम से होता है। दीपावली सिर्फ हमारे देश में ही नहीं बल्कि विदेश में भी धूमधाम से मनाया जाता है। यह अंधकार के नाश और ज्ञान के प्रकाश का उत्सव है। जीवन में जो भी सकारात्मक है वह ज्ञान से जुड़ा हुआ है इसलिए अज्ञान का अंधेरा मिटाने के लिए ज्ञान का प्रकाश अवश्य होना चाहिए। शिक्षा संस्थान इसी उद्देश्य को लेकर आगे बढ़ते हैं और नई पीढ़ियों को तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपने देश और समाज के हित में कार्य करने चाहिए जिससे हमारी शिक्षा का उद्देश्य पूर्ण हो सके।
No comments:
Post a Comment