आयुष्मान भारत योजना :
जिले में 15 हजार से अधिक बुजुर्गों को भी मिली पांच लाख के उपचार की गारंटी
- जिले के वरिष्ठ नागरिकों वाले 9141 परिवार आयुष्मान भारत योजना में शामिल
- योजना का लाभ उठाने के लिए लाभार्थी अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं
हापुड़, 06 अक्टूबर, 2023। “आयुष्मान भवः ” के अंतर्गत छह या उससे अधिक सदस्यों वालों राशन कार्डों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किए जाने के बाद सरकार ने ऐसे सभी राशन कार्डों को भी आयुष्मान भारत योजना में शामिल कर लिया है जिन पर अंकित सभी सदस्य 60 वर्ष से अधिक आयु के हैं। सीधे शब्दों में कहा जाए तो सरकार की ओर से इन सभी बुजुर्गों को भी पांच लाख तक के उपचार की गारंटी मिल गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. सुनील कुमार त्यागी ने बताया - पात्र वरिष्ठ नागरिकों का डेटा भी पोर्टल पर अपलोड हो गया है। राशन कार्ड नंबर के जरिए पात्रता सूची में ऐसे बुजुर्ग भी अपना नाम चेक कर सकते हैं और आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।
आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी एसीएमओ डा. केपी सिंह ने बताया - जिले में केवल वरिष्ठ नागरिकों वाले 9141 परिवार आयुष्मान भारत योजना की पात्रता सूची में शामिल किए गए हैं। इन परिवारों के कुल 15,727 लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रतिवर्ष पांच लाख रुपए तक का उपचार प्राप्त करने का हक है, इसके लिए जरूरी है कि सभी लाभार्थी अपना आयुष्मान कार्ड बनवा लें। उन्होंने बताया - पूरे सूबे में 11.74 लाख परिवारों को सरकार के इस फैसले का लाभ मिलेगा।
इससे पूर्व ऐसे राशन कार्ड वाले परिवारों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया गया था, जिन कार्डों पर छह या उससे अधिक सदस्य हैं। सरकार के छह सदस्यों वाले राशन कार्ड शामिल करने के फैसले से जिले के 42 हजार परिवारों के कुल 2.88 लाख सदस्य आयुष्मान भारत योजना की पात्रता सूची में शामिल हुए हैं, अब तक करीब 48 हजार लाभार्थी अपना आयुष्मान कार्ड बना या बनवा चुके हैं।
------------
आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शिक्षा विभाग से लिया जाएगा सहयोग
आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डा. केपी सिंह ने बताया - आयुष्मान कार्ड बनाना आसान है, लाभार्थी स्वयं मोबाइल के जरिए अपना कार्ड बना सकते हैं। इसके लिए सीएमओ डा. सुनील त्यागी के निर्देशन में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) के माध्यम से विद्यालयों में कार्यरत डेटा एंट्री ऑपरेटर को मास्टर ट्रेनर बनाने का प्रयास है। डेटा एंट्री ऑपरेटर को विभागीय कर्मचारी आयुष्मान कार्ड बनाने का प्रशिक्षण देंगे और डेटा एंट्री ऑपरेटर नौवीं से 12वीं तक के छात्रों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। छात्र अपने घर के आसपास रहने वाले आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों की कार्ड बनाने में मदद करेंगे।
-------
स्वयं ऐसे बनाएं कार्ड
डा. केपी सिंह ने बताया- अपने मोबाइल फोन में आयुष्मान एप डाउनलोड कर या https://beneficiary.nha.gov.in पर जाकर आप बेनिफिशियरी पर क्लिक करेंगे और अपना मोबाइल नंबर डालकर वेरीफाई करेंगे, तो ओटीपी आएगा। ओटीपी डालकर आपका नंबर वेरीफाई हो जाएगा, उसके पश्चात अपने स्टेट (राज्य) का चुनाव कर स्कीम में पीएमजेएवाई डालकर अपने जिले को क्लिक कर फैमिली आईडी के रूप में अपना राशन कार्ड नंबर डालेंगे। राशन नंबर के अनुरूप फैमिली की पूरी डिटेल निकल आएगी। यदि आपके घर में पहले से किसी ने कार्ड बना लिया है तो वह अप्रूव्ड दिखेगा यदि नहीं बना है तो पीले रंग में आईडेंटिफाई दिखेगा। जिसका आयुष्मान कार्ड बनाना है उस पर क्लिक करिए, क्लिक करने के पश्चात राशन कार्ड से जुड़े आधार नंबर को वेरीफाई करिए, आधार कार्ड से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी जाएगा। ओटीपी डालने के पश्चात लाभार्थी का फोटो खींच उसका डिटेल भरने के बाद सबमिट का बटन क्लिक करने के पश्चात कार्ड बन जाएगा।


No comments:
Post a Comment