दिल्ली फिर हुई शर्मसार: 85 साल की वृद्धा के साथ दुष्कर्म
- जालिम दरिंदे ने ब्लेड से होंठ तक काटा- स्वाति मालीवाल बोलीं- पीड़ित वृद्धा के घाव देख कांप गई रूह
नई दिल्ली (एजेंसी)। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को इंसानियत को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली के शकरपुर इलाके में झुग्गी में घुसकर 85 साल की बुजुर्ग महिला के साथ दरिंदगी की गई है। दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने घटना को लेकर ट्वीट किया है। साथ ही उन्होंने पुलिस को नोटिस जारी करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित महिला अपने पति की मौत के बाद से झुग्गी में अकेली ही रह रही थी। आरोपी ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। उसने महिला के साथ न केवल जबरन दुष्कर्म किया, बल्कि महिला के मुंह पर मुक्के भी मारे और ब्लेड से होठ काट दिए। यही नहीं आरोपित ने बुजुर्ग महिला का गला दबाने की भी कोशिश की।
स्वाति मालीवाल ने अपने ट्विटर (एक्स) अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा, 'आज दिल्ली में इंसानियत तार-तार हो गई। शकरपुर में सुबह चार बजे 85 साल की अम्मा के साथ उनकी झुग्गी में घुसकर दुष्कर्म किया गया। उनसे मिलके घाव देखकर रूह कांप गई। 8 महीने की बच्ची या 85 साल की अम्मा, सब हैवानियत के शिकार हैं। उन्होंने कहा है कि पुलिस को नोटिस जारी कर गिरफ्तारी की मांग रखी है'।
हमारा सिस्टम बिल्कुल फेल: स्वाति मालीवाल
स्वाति मालीवाल ने आगे लिखा है, अम्मा के आंसू नहीं रुक रहे थे। हमारा सिस्टम बिलकुल फेल है। कोई सुरक्षित नहीं है। आज ये अम्मा हैं, कल आप, मैं कोई भी हो सकता है। बेशर्मी की सारी हदें पार हो गईं।
स्वाति ने कहा कि 85 साल की दादी को मिलके सकपका गई हूं। उन्हें बहुत चोटें आयी हैं और बहुत दर्द है। ब्लेड से ज़ालिम ने उनका होंठ तक काटा है। शरीर के सब अंग पे चोटें हैं। अंदरूनी भी बहुत चोट आई हैं। कोई ये घिनौना काम कैसे कर सकता है? कैसे समाज में जीते हैं हम? ऐसे आदमी के ख़िलाफ़ कोई भी सज़ा कम है।
No comments:
Post a Comment