चाय पी रहे युवक को बाइक-सवार बदमाशों ने मारी गोली
हालत गंभीर, सीसीटीवी के डीवीआर कब्जे में लेकर जांच में जुटी पुलिस
मेरठ। बीती रात को लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में स्थित कांच के पुल पर चाय की दुकान पर चाय पी रहे इस्लामाबाद निवासी युवक को दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने युवक को घायल अवस्था में हापुड रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
मंगलवार देर रात्रि इस्लामाबाद निवासी इमरान पुत्र अब्दुल रहीम कांच का पुल स्थित आमिर की चाय की दुकान पर बैठकर चाय पी रहा था। तभी दो अज्ञात बाइक सवार बदमाश दुकान के सामने पहुंचे और गोली चला दी। गोली चाय पी रहे इमरान के कंधे में जा लगी। इस दौरान इमरान गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। मौके का फायदा उठाकर बाइक सवार बदमाश फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायल इमरान को हापुड़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कर दिया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर जाकिर कॉलोनी चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी। पुलिस ने निकट ही लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को कब्जे में ले लिया। दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। वहीं पुलिस पूछताछ में घायल इमरान ने बताया कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। गोली मारने वालों को वह नहीं जानता।
थाना प्रभारी लिसाड़ी गेट संजय वर्मा का कहना है कि मंगलवार देर रात्रि एक युवक को कुछ अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी थी। निकट ही सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। डीवीआर कब्जे में लेकर आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment