पिटबुल ने पार्क में खेल रहे 11 साल के बच्चे का मुंह नोंचा, अस्पताल में भर्ती
मोदीनगर। मोदीनगर के गोविंदपुरी की डबल स्टोरी कॉलोनी में पार्क में खेल रहे 11 साल के बच्चे पर पिटबुल कुत्ते ने हमला कर दिया। पिटबुल ने बच्चे का मुंह बुरी तरह नोंच दिया और उसकी छाती पर भी हमला किया। बच्चे को उपचार के लिए सीएचसी ले जा गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया। घटना की शिकायत करने पर कुत्ता पालक ने बच्चे के परिजनों से गाली गलौज की और रिपोर्ट दर्ज कराने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी है।
डबल स्टोरी निवासी राकेश का 11 साल का पुत्र अंश कक्षा दो में पढ़ता है। राकेश ने बताया कि अंश कॉलोनी के पार्क में खेल रहा था। तभी एक व्यक्ति अपने पिटबुल नस्ल के कुत्ते को पार्क में घुमा रहा था। आरोप है कि कुत्ता बच्चे को अकेला देखकर आक्रामक हो गया और उस पर हमला बोल दिया। कुत्ते ने बच्चे का मुंह अपने जबड़े में ले लिया और उसकी छाती पर हमला किया। अंश किसी तरह कुत्ते के चंगुल से छूटा। अंश के रोने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे के होंठ और छाती पर गहरे जख्म हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को मेरठ मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि मामले की तहरीर मिलने पर आवश्यक कारवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment