मेरठ की चंचल ने जीता मिसेज इंडिया 2023 में टाइमलेस ब्यूटी अवार्ड 

देश के कोने-कोने से 150 महिलाओं ने प्रतियोगिता में  लिया हिस्सा 

 मेरठ। मेरठ के  ग्रामीण अंचल में पली-बढ़ीं चंचल खटाना ने जयपुर में आयोजित मिसेज इंडिया प्राइड आफ नेशन 2023 प्रतियोगिता में टाइमलेस ब्यूटी अवार्ड जीता है। उनका ग्रामीण क्षेत्र और छोटे शहरों से आने वाली युवतियों को संदेश है कि उनकी तरह अपना आत्मविश्वास कायम रखें। उन्होंने हिंदी माध्यम से पढ़ाई की। मेहनत के बल पर करियर में आगे बढ़ीं और अब प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में खिताब जीतने में सफलता प्राप्त की है।

 गांव हसनपुर कलां में जन्मी चंचल जब काफी छोटी थीं, तब उनके पिता चमन सिंह का देहांत हो गया, लेकिन मां सुमन की प्रेरणा से उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। जेएनएम इंटर कालेज रछौती से इंटर किया। शहर के फैज-ए-आम कालेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। एमिटी विश्वविद्यालय नोएडा से एमबीए भी किया। 

वर्तमान में एक अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस में केबिन मैनेजर के पद कार्यरत चंचल बताती हैं कि वर्ष 2008 में उन्होंने मिस दिल्ली और अन्य अवार्ड जीते। 2016 में उनका विवाह एयरफोर्स अधिकारी रोहित चौहान से हुआ। पति ने भी उन्हें प्रोत्साहित किया। बाइकिंग व स्विमिंग की शौकीन चंचल ने मिसेज इंडिया प्राइड आफ नेशन 2023 प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। 

प्रतिभा के बल पर शुरुआती दौर में आगे बढ़ीं और जयपुर में गत रविवार को हुए फाइनल में हिस्सा लेने का अवसर मिला। इसमें देश के कोने-कोने से 150 महिलाएं पहुंचीं थीं। इसमें चंचल को टाइमलेस ब्यूटी के खिताब से नवाजा गया। चंचल खटाना का कहना है कि वह अक्सर महिलाओं को प्रेरित करती हैं। संघर्ष जीवन का हिस्सा है, यदि  आप में यदि जज्बा और लगन है तो उम्र या पारिस्थिति कोई मायने नहीं रखती। जब वह गांव से निकल और हिन्दी मीडियम से पढ़ कर बिना किसी सहायता के यहां तक पहुंच सकती हैं तो हर लड़की अपनी मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और प्रतिभा के बल अपनी मंजिल पा सकती है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts