बिपरजॉय के टकराने से पहले ही गुजरात बेहाल

 तेज बारिश शुरू, बाढ़ आने का बढ़ा खतरा
नई दिल्ली (एजेंसी)।
गुजरात के तटों की तरफ बढ़ रहा चक्रवात बिपरजॉय बेहद खतरनाक रूप ले चुका है। आज शाम चार से रात आठ बजे के बीच कच्छ के जखाऊ में जमीन से टकराने की आशंका है। मौसम विभाग ने इससे भारी तबाही की चेतावनी दी है, लेकिन इससे पहले ही गुजरात स्थिति खराब हो गई है। यहां भारी बारिश हो रही है। इससे बाढ़ आने का खतरा बढ़ गया है। वहीं, तेज हवाएं भी चल रही है। मौसम विभाग लगातार तूफान की चेतावनी दे रहा है।
वहीं, गांधीनगर के राहत कमिश्नर आलोक पांडेय ने बताया कि बिपरजॉय की गति थोड़ी घटी है, लेकिन 110 से 125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। उन्होंने कहा कि इतनी रफ्तार से हवाएं चलना बहुत खतरनाक है। चक्रवात बिपरजॉय गुजरात तट से 200 किलोमीटर से भी कम दूरी पर रह गया है। बताया जा रहा है शाम तक ये टकरा जाएगा। साथ ही भारी बारिश और तूफान के बढ़ने की आशंका के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले 74,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि चक्रवात बिपरजॉय सौराष्ट्र, कच्छ की तरफ बढ़ रहा है। यह जखाऊ से करीब 180 किमी की दूरी पर है। हवाओं की रफ्तार 125-135 किमी प्रति घंटे रफ्तार से चल रही है। उन्होंने कहा कि यह शाम तक तट पर पहुंचेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts