मेरठ में जयवीर सिंह बने सपा के जिलाध्यक्ष, मुजफ्फरनगर में जिया चौधरी की ताजपोशी

मेरठ, 07 अप्रैल । निकाय चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने कई जिलों में अध्यक्षों की तैनाती की है। मेरठ में जयवीर सिंह को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इसी तरह से मुजफ्फरनगर में जिया चौधरी की जिलाध्यक्ष पद पर ताजपोशी की गई है।

लंबे समय से समाजवादी पार्टी के कई जिलों में अध्यक्ष पद खाली चल रहे थे। शुक्रवार को सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने 21 जिलों में नए अध्यक्षों की घोषणा की। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में जगदेव सिंह जग्गा, मेरठ जिले में जयवीर सिंह, मुजफ्फरनगर जिले में जिया चौधरी, नोएडा महानगर में आश्रय गुप्ता और शामली में अशोक चौधरी को अध्यक्ष बनाया गया है। मेरठ में जयवीर सिंह पर पार्टी आलाकमान ने लंबे समय बाद फिर से भरोसा जताया है। वे पहले 10 साल तक सपा जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके साथ ही जिला सहकारी बैंक मेरठ-बागपत के चेयरमैन का पद संभाल चुके हैं। वे पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर और पूर्व राष्ट्रीय सचिव डॉ. सरोजिनी अग्रवाल के करीबी रह चुके है।

इसके बाद जयवीर सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से नजदीकी बढ़ा ली थी। वह भाजपा में भी सियासी संभावनाएं तलाश रहे थे। 25 फरवरी 2018 को मेरठ में हुए संघ के राष्ट्रोदय समागम में भी जयवीर सिंह पूर्ण गणवेश धारण करके शामिल हुए थे। इसके बाद जयवीर सिंह को सपा से छह वर्ष के लिए निकाल दिया गया। लंबे समय तक सियासी बियाबान में भटकने के बाद जयवीर सिंह ने फिर से सपा ज्वाइन कर ली थी। अब काफी समय बाद अखिलेश यादव ने फिर से जयवीर सिंह पर भरोसा जताकर जिलाध्यक्ष बनाया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts