पेपर मिल कर्मचारी की सिर कूचकर हत्या

 फैक्ट्री में गोदाम के पास मिला शव
 परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े


मेरठ। मेरठ के सरधना में नानू मार्ग पर पेपर मिल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री स्थित है। फैक्ट्री के परिसर में मंगलवार सुबह कर्मचारी का शव मिला। युवक की सिर कूचकर हत्या की गई है। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण व पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। युवक की शिनाख्त हो गई है, लेकिन मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मृतक की शिनाख्त अटेरना गांव निवासी 23 वर्षीय तोमेश के रूप में हुई। बेटे की मौत की सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे। पिता राजेश ने बताया, "तोमेश कई सालों से फैक्ट्री में कागज के रोल के कचरे को पास बने गोदाम पर पहुंचाने का काम करता था। उसकी ड्यूटी रात में लगती थी। कल रात 8 बजे घर से निकला, सुबह 8 बजे तक काम होता है। आज सुबह वह नहीं लौटा। तभी किसी ने उसकी मौत की जानकारी दी।"
पिता ने कहा कि फैक्ट्री वालों ने ही बेटे को मार डाला है। उसके सिर पर इतनी बार हमला किया कि सिर कुचल गया है। सही से पता भी नहीं चल पा रहा है। शरीर के किसी अन्य हिस्से में चोट के निशान नहीं मिले हैं। लेकिन सिर को बुरी तरह से कूचा गया है। जानकारी पर ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान मोंटी श्याम व तीन थानों की पुलिस भी पहुंची है।
मौत की खबर सुनते ही फैक्ट्री से भागे अधिकारी
ग्रामीणों ने बताया कि मौत की सूचना पर फैक्ट्री के पास पहुंचे तो फैक्ट्री चालू मिली। तभी ग्राम प्रधान ने फैक्ट्री को बंद कराया। साथ ही ग्रामीणों को किसी भी तरह का हंगामा करने से मना किया। कहा कि फैक्ट्री से एक भी जिम्मेदार कर्मचारी व अधिकारी मौजूद बाहर नहीं आए हैं। बताया जा रहा है कि जैसे ही ग्रामीणों की भीड़ फैक्ट्री पहुंची, इसी बीच फैक्ट्री के अधिकारी मौके से फरार हो गए।
सूचना पर थाना इंस्पेक्टर रमाकांत पचौरी भी फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया। साथ ही परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। मिल के कर्मचारियों व मालिक से बातचीत की जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि युवक की हत्या की गई है। जहां पर तोमेश काम करता था, वहां से करीब 300 मीटर की दूरी पर युवक का शव मिला है। सिर पर भारी वस्तु से प्रहार किया गया है। ग्रामीणों व परिजनों ने हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की है। महिलाएं व ग्रामीण पेपर मिल मालिक को बुलाने की मांग पर अड़े हैं।
मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
इस मामले में थाना प्रभारी रमाकांत पचौरी का कहना है कि परिजनों के आरोपों को मद्देनजर रखते हुए मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटनास्थल पर फैक्ट्री के मालिकों को बुला लिया गया है। अन्य सभी पहलुओं को भी देखा जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts