ओडिशा में एक और रूसी नागरिक की मौत

 15 दिन में तीसरी घटना से गहराया रहस्य
पारादीप (एजेंसी)।
ओडिशा में रूसी नागरिकों की संदिग्ध मौतों का मामला थम नहीं रहा है। मंगलवार को एक और रूसी मृत मिला। राज्य में यह 15 दिन में तीसरी ऐसी घटना है।
मंगलवार को ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले के पारादीप बंदरगाह में डेरा डाले एक जहाज में एक रूसी नागरिक मृत मिला। उसकी पहचान मिल्याकोव सर्गेई के रूप में हुई। 51 साल का सर्गेई जहाज 'एम बी अलदना' का मुख्य इंजीनियर था। यह जहाज बांग्लादेश के चटगांव बंदरगाह से पारादीप के रास्ते मुंबई जा रहा था। मंगलवार सुबह करीब 4.30 बजे सर्गेई जहाज के चेंबर में मृत मिला। पारादीप पुलिस ने कहा कि मौत की वजह तत्काल पता नहीं चल सकी है। पारादीप पोर्ट ट्रस्ट के चेयरमैन पीएल हरानंद ने रूसी इंजीनियर की जहाज में मौत की पुष्टि की है। मामले की जांच चल रही है।
इससे पहले दो रूसी पर्यटकों की दक्षिणी ओडिशा के रायगढ़ शहर में रहस्यमयी मौत हो गई थी। इनमें से एक रूसी सांसद पावेल एंटोव (65) थे व दूसरा उनका मित्र व्लादिमीर बिडेनोव (61) था। पावेल की मौत 24 दिसंबर को और बिडेनोव की 22 दिसंबर को हुई थी। पावेल की होटल की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिरने से मौत हुई थी, जबकि उनके मित्र बिडेनोव दो दिन पहले इसी होटल के अपने कमरे में मृत पाए गए थे। ओडिशा पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
एनएचआरसी ने मांगा जवाब
ओडिशा में लगातार रूसी नागरिकों की मौत के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने सोमवार को रायगढ़ के एसपी को नोटिस जारी कर चार हफ्ते में रिपोर्ट (एटीआर) मांगी है। बेहरामपुर शहर के मानवाधिकार कार्यकर्ता रवींद्र कुमार मिश्रा द्वारा दायर पर एनएचआरसी ने यह आदेश दिया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts